बेलहरा बाराबंकी से पीएन सिंह की खास रिपोर्ट, जी भारत न्यूज़।
बाराबंकी मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में रविवार को तेज रफ्तार बोलेरो और बाइक की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि बोलेरो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों ने कार्रवाई की मांग को लेकर अस्पताल परिसर में हंगामा किया। पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, थाना मोहम्मदपुर खाला क्षेत्र के फूलपुर गांव निवासी हनीफ के पुत्र 25 वर्षीय इस्लामुद्दीन और 22 वर्षीय एखलाशुद्दीन रविवार को दवा लेकर मोटरसाइकिल से फतेहपुर से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान मोहम्मदपुर खाला चौराहे स्थित महावीर गोल्ड स्टोर के पास तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक करीब दस मीटर दूर जा गिरे। हादसे में छोटे भाई एखलाशुद्दीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल इस्लामुद्दीन को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और बाद में लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

हादसे में बोलेरो चालक कसौंजा निवासी 35 वर्षीय आलोक सिंह पुत्र स्वर्गीय राम दुलारे भी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे भी उपचार के लिए ट्रामा सेंटर लखनऊ भेजा गया है। टक्कर के बाद अनियंत्रित बोलेरो सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई, जिससे वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहीं मृतकों के परिजनों ने कार्रवाई की मांग को लेकर अस्पताल परिसर में हंगामा किया और बोलेरो चालक को जिला अस्पताल ले जाने का विरोध किया। बाद में पुलिस अधिकारियों द्वारा समझाने-बुझाने पर मामला शांत हुआ।

दोनों सगे भाइयों की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। गांव में भी शोक का माहौल है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाल अमित सिंह भदौरिया ने बताया कि तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।









