रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान।
बाराबंकी : जनपद में कल सोमवार को असंद्रा बाजार में आयोजित विशाल जनचौपाल के दौरान सदस्य राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग सत्येंद्र कुमार बारी”बीनू” ने हजारों ग्रामीणों के बीच पहुंचकर एक-एक व्यक्ति की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही त्वरित एवं प्रभावी समाधान के कड़े निर्देश दिए। जनचौपाल में लोगों की समस्याओं का तत्काल निस्तारण होते देख ग्रामीणों में विशेष उत्साह और विश्वास देखने को मिला।
अपने संबोधन में सत्येंद्र कुमार बारी ने कहा कि उनका संकल्प है कि प्रदेश का कोई भी पीड़ित, वंचित और जरूरतमंद व्यक्ति न्याय के लिए दर-दर भटकने को मजबूर न हो। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा ही उनका सर्वोच्च दायित्व है और हर व्यक्ति की समस्या का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है।
राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग द्वारा चलाए जा रहे “आयोग आपके द्वार” अभियान के अंतर्गत अब प्रदेश के विभिन्न जनपदों में जन सहायता केंद्र एवं जन संपर्क कार्यालय स्थापित किए जा रहे हैं, ताकि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए राजधानी या आयोग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
इसी क्रम में बाराबंकी प्रदेश का 30वां जनपद बना, जहां असंद्रा बाजार में जन संपर्क कार्यालय की स्थापना की गई। इस कार्यालय का उद्देश्य ग्रामीण एवं पिछड़े वर्ग के लोगों को स्थानीय स्तर पर ही सहायता और न्याय उपलब्ध कराना है। जन चौपाल में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की बड़ी भागीदारी रही। कार्यक्रम में विधायक दिनेश रावत, ब्लॉक प्रमुख आरती रावत, मंडल अध्यक्ष शशांक, उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, कई थाना अध्यक्ष, खंड विकास अधिकारी, बिजली विभाग एवं पीआरडी विभाग के अधिकारी, समाज कल्याण अधिकारी, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, लेखपाल एवं ग्राम सचिव उपस्थित रहे। जनचौपाल के दौरान ग्रामीणों ने सड़क, बिजली, राजस्व, पेंशन, आवास, भूमि विवाद और सामाजिक योजनाओं से जुड़ी समस्याएं रखीं, जिनके समाधान के लिए संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।









