पश्चिमी सिंहभूम में गृह प्रवेश दिवस पर खिले लाभुकों के चेहरे, उपायुक्त मनीष कुमार ने प्रधान बोदरा को सौंपी नए घर की चाबी

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले में बुधवार को गृह प्रवेश दिवस के अवसर पर आवास योजनाओं के तहत नवनिर्मित घरों में लाभुक परिवारों ने हर्षोल्लास के साथ गृह प्रवेश किया। जिले के विभिन्न प्रखंडों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान लाभुकों का अपने नए घर में प्रवेश कराने के साथ सुरक्षित और सम्मानजनक आवास के सपने को साकार किया गया।

इसी क्रम में पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार ने सदर चाईबासा प्रखंड की तमाड़बांध पंचायत में आयोजित गृह प्रवेश कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने आवास योजना के लाभुक प्रधान बोदरा के नवनिर्मित आवास का निरीक्षण किया और उनके परिवार के गृह प्रवेश कार्यक्रम में शामिल होकर खुशियां साझा कीं। मौके पर सदर प्रखंड विकास पदाधिकारी ईरा जोरवाल और अंचलाधिकारी उपेंद्र कुमार भी मौजूद रहे।

पूजा-अर्चना के साथ नए घर में हुआ प्रवेश

गृह प्रवेश कार्यक्रम पारंपरिक रीति-रिवाज और विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। पूजा-अर्चना के बाद प्रधान बोदरा और उनके परिवार ने अपने नए घर में प्रवेश किया। इस अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार ने लाभुक को सांकेतिक रूप से नवनिर्मित आवास की चाबी और प्रेशर कुकर भेंट किया। उन्होंने परिवार को नए घर के लिए बधाई देते हुए सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित आवास देना प्राथमिकता

कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि आवास केवल एक भवन नहीं, बल्कि प्रत्येक परिवार के सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन का आधार है। सरकार की आवास योजनाओं का उद्देश्य जरूरतमंद और वंचित परिवारों को पक्का एवं सुरक्षित घर उपलब्ध कराना है, ताकि उनके जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आ सके।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पात्र लाभुकों तक आवास योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जरूरतमंद परिवारों को बेहतर आवासीय सुविधा मिल रही है और वे सुरक्षित वातावरण में अपना जीवन व्यतीत कर पा रहे हैं।

नए घर मिलने से लाभुक परिवारों में खुशी

गृह प्रवेश दिवस के अवसर पर जिलेभर में आवास योजनाओं के तहत हुए गृह प्रवेश ने लाभुक परिवारों के जीवन में आए बदलाव को सामने रखा। अपने नए आशियाने में प्रवेश करने वाले परिवारों के चेहरों पर खुशी और संतोष देखने को मिला। यह पहल जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को भी दर्शाती है।

कार्यक्रम में तमाड़बांध पंचायत की मुखिया गीतांजलि बोदरा, ग्रामीण मुंडा मधुसूदन पुरती सहित अन्य स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

चाईबासा से रिपोर्ट।

AnupSrivastav
Author: AnupSrivastav

State Prabhari, Jharkhand Zee Bharat News

Leave a Comment