रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान।
मातृ पितृ सदन में युवाओं ने वरिष्ठ नागरिकों को माला और स्मृति चिह्न भेंट किए, बुजुर्गों ने दिया आशीर्वाद
बाराबंकी। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में ‘मेरा युवा भारत’ (MY Bharat) बाराबंकी की ओर से बंकी विकासखंड के भुहेरा स्थित मातृ पितृ सदन में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में वरिष्ठ नागरिकों के महत्व को रेखांकित करने के साथ युवा पीढ़ी को बुजुर्गों के प्रति अपने दायित्वों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में मातृ पितृ सदन भुहेरा के प्रबंधक कमलेश कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि बुजुर्ग समाज की धरोहर हैं और उनके अनुभव नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने युवाओं से माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान, स्नेह और सेवा का भाव बनाए रखने का आह्वान किया।
युवाओं ने बुजुर्गों का किया सम्मान
कार्यक्रम के दौरान ‘मेरा युवा भारत’ से जुड़े युवाओं और सेवा कर्ताओं ने मातृ पितृ सदन में रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात कर उनका वंदन किया। बुजुर्गों को माला पहनाकर, जलपान कराकर और स्मृति चिह्न भेंट किए गए। सम्मान पाकर कई बुजुर्ग भावुक हो उठे और उन्होंने युवाओं को उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया।
कार्यक्रम में समाज सेवा और वरिष्ठ नागरिकों की देखरेख में जुटीं लक्ष्मी, ममता, उत्कर्ष, भावना और रोशनी सिंह ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने में चौकीदार सुशील कुमार का योगदान रहा।
युवा स्वयंसेवकों ने निभाई अहम भूमिका
कार्यक्रम की रूपरेखा और युवाओं की भागीदारी को मजबूत करने में ‘मेरा युवा भारत’ के पूर्व राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक सत्येंद्र कुमार वर्मा की भूमिका रही।
इस अवसर पर लेखाकार सत्येंद्र मौर्य, राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक सिद्धौर डाली वर्मा, रामनगर अनुज कुमार, मसौली रामरूप वर्मा, सिद्धौर जितेंद्र कुमार और बनीकोडर से सौरभ मौर्य सहित अन्य स्वयंसेवक एवं सेवा कर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं और सेवा कर्ताओं ने वरिष्ठ नागरिकों के साथ समय बिताकर उन्हें सम्मान और अपनत्व का एहसास कराया। आयोजकों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवा पीढ़ी को बुजुर्गों के अनुभव और उनके प्रति सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
















