चक्रधरपुर: चक्रधरपुर थाना क्षेत्र में मोबाइल दुकान का शटर उठाकर 52 मोबाइल फोन चोरी करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वैज्ञानिक तरीके से अनुसंधान और लगातार छापेमारी करते हुए मामले में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से विभिन्न कंपनियों के कुल 21 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। वहीं, इस मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और शेष मोबाइल की बरामदगी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है।
पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर 2026 को चक्रधरपुर थाना क्षेत्र स्थित रेशमी इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान का शटर उठाकर अज्ञात चोरों ने विभिन्न कंपनियों के कुल 52 मोबाइल फोन चोरी कर लिए थे। इस संबंध में चक्रधरपुर थाना कांड संख्या 111/2026 दर्ज किया गया था। मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 303(2)/305(a) के तहत दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले के उद्भेदन के लिए पुलिस अधीक्षक, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सह चक्रधरपुर के पुलिस पदाधिकारी डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी तथा चक्रधरपुर थाना प्रभारी के नेतृत्व में अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी दल गठित किए गए। पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए चोरी की घटना में शामिल आरोपियों की पहचान की।
पुलिस ने इस मामले में बिहार के मोतिहारी जिले के घोड़ासहन थाना क्षेत्र निवासी नितेश पटेल, पूर्वी चंपारण जिले के रक्सौल थाना क्षेत्र निवासी जितेंद्र साह उर्फ चोना तथा सुपौल जिले के राघोपुर क्षेत्र निवासी गोविंद चौधरी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है।
छापेमारी के दौरान गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी किए गए विभिन्न कंपनियों के कुल 21 मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस अब शेष मोबाइल फोन की बरामदगी और घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआईडी की फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ टीम को भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य संकलन के लिए बुलाया गया था।
पुलिस के अनुसार, इस कांड में दो अन्य संदिग्ध आरोपी शेराज और संजय सहनी की गिरफ्तारी तथा मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है, ताकि चोरी की घटना में शामिल अन्य लोगों का भी पता लगाया जा सके।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
* नितेश पटेल, निवासी घोड़ासहन, जिला मोतिहारी (बिहार)।
* जितेंद्र साह उर्फ चोना, निवासी रक्सौल, जिला पूर्वी चंपारण (बिहार)।
* गोविंद चौधरी, निवासी राघोपुर, जिला सुपौल (बिहार)।
छापेमारी दल में शामिल पुलिसकर्मी: पुलिस उपाधीक्षक परिक्ष्यमान अमित कुमार, पु.अ.नि. रमेश गिरि, पु.अ.नि. रंजीत उरांव, पु.अ.नि. सुनील कुमार पाण्डेय तथा परि. पु.अ.नि. राज किशोर तिवारी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
फिलहाल पुलिस की जांच जारी है। चोरी हुए 52 मोबाइल फोन में से 21 की बरामदगी हो चुकी है। शेष मोबाइल की बरामदगी और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले में और खुलासे होने की संभावना है।














