बाराबंकी के पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान बनाएगा सर्वेश्वर महादेव मंदिर

रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान।

92.94 लाख रुपये से संवर रहा सर्वेश्वर महादेव मंदिर परिसर, यात्री निवास और हॉल निर्माण का काम जारी

बाराबंकी, 20 सितंबर। दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत आलियाबाद स्थित सर्वेश्वर महादेव मंदिर आने वाले समय में बाराबंकी के पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान बना सकता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्राथमिकता के तहत धार्मिक स्थलों के विकास की योजना के अंतर्गत मंदिर परिसर में पर्यटन विकास कार्य कराए जा रहे हैं। पर्यटन विभाग की देखरेख में करीब 92.94 लाख रुपये की लागत से श्रद्धालुओं की सुविधाओं को विकसित करने का कार्य चल रहा है।

यात्री निवास के निर्माण में तेजी

कार्यदायी संस्था सीएनडीएस द्वारा संचालित इस परियोजना की शुरुआत 24 अप्रैल 2026 को हुई थी। उपलब्ध जानकारी के अनुसार परियोजना की वर्तमान भौतिक प्रगति करीब आठ प्रतिशत है।

यात्री निवास के फाउंडेशन और प्लिंथ बीम का कार्य पूरा हो चुका है। वहीं चिनाई का काम प्रगति पर है। यात्री निवास के ढांचे को तैयार करने के बाद अब स्लैब निर्माण की दिशा में कार्य आगे बढ़ाया जा रहा है।

परियोजना में यात्री निवास के साथ हॉल निर्माण और मंदिर के व्यापक जीर्णोद्धार का कार्य भी शामिल है। इन विकास कार्यों के पूरा होने के बाद मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के रुकने और अन्य आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा।

समय से कार्य पूरा करने का प्रयास

परियोजना प्रबंधक देवव्रत पवार ने बताया कि सर्वेश्वर महादेव मंदिर का पर्यटन विकास कार्य निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार चल रहा है। यात्री निवास के फाउंडेशन और प्लिंथ बीम का काम पूरा हो चुका है, जबकि चिनाई का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि परियोजना का उद्देश्य श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ मंदिर परिसर को पर्यटन की दृष्टि से अधिक आकर्षक बनाना है। निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखते हुए इसे निर्धारित समय में पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।

दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को मिलेगी सुविधा

पर्यटन अधिकारी मनीषा चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में बाराबंकी सहित प्रदेश के धार्मिक स्थलों के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। आलियाबाद स्थित सर्वेश्वर महादेव मंदिर में यात्री निवास सहित अन्य सुविधाओं का निर्माण कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि विकास कार्य पूरे होने के बाद स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ दूर-दराज से आने वाले भक्तों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। पर्यटन विभाग की ओर से परियोजना को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

धार्मिक पहचान के साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद

मंदिर परिसर में यात्री निवास, हॉल निर्माण और जीर्णोद्धार से श्रद्धालुओं के ठहरने, पूजा-अर्चना और विश्राम से जुड़ी सुविधाओं को बेहतर करने की योजना है। स्थानीय लोगों में भी मंदिर परिसर में चल रहे विकास कार्यों को लेकर उत्साह है।

स्थानीय लोगों का मानना है कि परियोजना के पूरा होने के बाद सर्वेश्वर महादेव मंदिर की धार्मिक पहचान और मजबूत होने के साथ क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकता है।

Leave a Comment