दुर्गा पूजा को लेकर सरायकेला में प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर

सरायकेला। आगामी दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार, 17 सितंबर 2026 को समाहरणालय सभागार, सरायकेला में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वंगीआरी समेत जिले के वरीय पदाधिकारी, थाना प्रभारी और विभिन्न पूजा समितियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

बैठक में दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, अग्नि एवं विद्युत सुरक्षा, चिकित्सा सुविधा, विसर्जन और रावण दहन सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

पूजा पंडालों में सुरक्षा मानकों का करना होगा पालन

प्रशासन ने पूजा समितियों को पंडाल निर्माण में विशेष सावधानी बरतने का निर्देश दिया है। पंडालों को विद्युत तार, ट्रांसफॉर्मर, हाईटेंशन लाइन, गैस गोदाम और अन्य संवेदनशील स्थानों से सुरक्षित दूरी पर बनाने को कहा गया है। ज्वलनशील सामग्री के इस्तेमाल से बचने तथा पंडाल की मजबूती और सुरक्षा से संबंधित आवश्यक प्रमाण-पत्र प्राप्त करने का भी निर्देश दिया गया।

पंडालों में महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग प्रवेश एवं निकास की व्यवस्था, पर्याप्त चौड़ाई वाले द्वार और आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी के लिए वैकल्पिक रास्ता रखने को कहा गया है। बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांग श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अलावा पंडालों में पर्याप्त रोशनी, पेयजल, साफ-सफाई, प्राथमिक उपचार तथा अग्निशमन यंत्र, पानी और सूखी बालू की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

बिजली और आग से सुरक्षा पर विशेष निगरानी

पूजा पंडालों में विद्युत वायरिंग सुरक्षित तरीके से कराने और उचित अर्थिंग की व्यवस्था रखने का निर्देश दिया गया। अस्थायी विद्युत कनेक्शन और सजावट का कार्य संबंधित विभाग के सुरक्षा मानकों के अनुरूप कराने को कहा गया है। विद्युत नियंत्रण कक्ष को ऐसी जगह रखने का निर्देश दिया गया है, जहां आपात स्थिति में बिजली विभाग की टीम आसानी से पहुंच सके।

विसर्जन घाटों पर रहेगी प्रशासन की नजर

प्रतिमा विसर्जन के लिए चिन्हित घाटों पर समय से पहले सभी जरूरी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया गया। घाटों पर समतलीकरण, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, गोताखोरों की तैनाती, पुलिस बल एवं दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति के साथ चिकित्सा दल और एंबुलेंस की व्यवस्था करने को कहा गया।

प्रतिमा के आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए जरूरत के अनुसार हाइड्रा और अन्य संसाधनों की व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया गया। पूजा समितियों को प्रशासन द्वारा निर्धारित तिथि, समय, मार्ग और विसर्जन स्थल का ही उपयोग करने को कहा गया है।

रावण दहन स्थल पर भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

दशहरा के अवसर पर होने वाले रावण दहन कार्यक्रम को लेकर भी प्रशासन ने सुरक्षा मानकों के पालन का निर्देश दिया। दर्शकों और रावण दहन स्थल के बीच पर्याप्त सुरक्षित दूरी, बैरिकेडिंग और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही अग्निशमन और आपातकालीन सेवाओं को तैयार रखने के निर्देश दिए गए।

यातायात और पार्किंग व्यवस्था होगी नियंत्रित

दुर्गा पूजा के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने पर विशेष जोर दिया गया। निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग कराने तथा अनधिकृत पार्किंग और यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले अतिक्रमण पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

जरूरत के अनुसार मुख्य बाजारों को जोड़ने वाले मार्गों पर नो-एंट्री लागू करने और बड़े एवं व्यावसायिक वाहनों के आवागमन को नियंत्रित करने की बात कही गई।

रात 10 बजे के बाद DJ पर रोक

बैठक में ध्वनि प्रदूषण से जुड़े निर्धारित नियमों के पालन पर भी सख्ती दिखाई गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि रात्रि 10 बजे के बाद DJ या ध्वनि विस्तारक यंत्र से गाना अथवा अन्य ध्वनि प्रसारण नहीं किया जाएगा। थाना प्रभारी, अनुमंडल पदाधिकारी और अंचल अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में इसका अनुपालन सुनिश्चित करेंगे। नियमों का उल्लंघन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

अवैध शराब और ड्रंक एंड ड्राइव पर होगी कार्रवाई

पर्व के दौरान अवैध शराब की बिक्री और परिचालन पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। ड्राई-डे के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने तथा सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन और नशे के खिलाफ निगरानी बढ़ाने को कहा गया।

पुलिस अधीक्षक ने पर्व के दौरान ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ विशेष अभियान चलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

CCTV और सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की नजर

प्रमुख पूजा पंडालों और संवेदनशील स्थानों पर CCTV कैमरे लगाने तथा उनकी प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को पूजा समितियों के साथ समन्वय बनाकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने को कहा गया।

वहीं सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप ग्रुपों पर अफवाह, भ्रामक या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री प्रसारित नहीं करने की अपील की गई। ऐसी किसी भी सामग्री की जानकारी तत्काल पुलिस या प्रशासन को देने का निर्देश दिया गया।

पूजा समितियों से मांगे गए सुझाव

बैठक के दौरान पूजा समितियों और शांति समिति के सदस्यों से स्थानीय समस्याओं एवं आवश्यक सुविधाओं को लेकर सुझाव लिए गए। प्रतिनिधियों ने सड़क मरम्मत, साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, निर्बाध बिजली आपूर्ति, झूलते विद्युत तारों और खंभों की मरम्मत, अवैध पार्किंग पर नियंत्रण तथा विसर्जन घाटों पर हाइड्रा और समतलीकरण जैसी व्यवस्थाओं की मांग रखी।

उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राप्त सुझावों पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए पर्व से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने का निर्देश दिया।

पूजा समितियों ने दिया सहयोग का भरोसा

उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि दुर्गा पूजा एवं दशहरा जिले में शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो, इसके लिए प्रशासन, पुलिस, पूजा समितियों और आम लोगों का सहयोग जरूरी है। उन्होंने पूजा समितियों से प्रशासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने और सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की।

पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वंगीआरी ने थाना प्रभारियों को सभी पूजा पंडालों, पार्किंग स्थलों और प्रमुख मार्गों का पूर्व निरीक्षण करने का निर्देश दिया। उन्होंने पूजा समितियों से स्वयंसेवकों की सूची संबंधित थाना प्रभारी को उपलब्ध कराने तथा स्वयंसेवकों को पहचान-पत्र देने को कहा, ताकि भीड़ प्रबंधन में उनका सहयोग लिया जा सके।

बैठक के अंत में पूजा समिति एवं शांति समिति के सदस्यों ने प्रशासन के सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने और दुर्गा पूजा एवं दशहरा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया।

AnupSrivastav
Author: AnupSrivastav

State Prabhari, Jharkhand Zee Bharat News

Leave a Comment