स्वच्छता मानकों के उल्लंघन पर पनीर का नमूना जांच के लिए भेजा
सागर। आमजन को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण और खाद्य पदार्थों की जांच का अभियान लगातार जारी है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा, मध्यप्रदेश, कमिश्नर सागर संभाग तथा कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा होटल, रेस्टोरेंट एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की नियमित जांच की जा रही है।
इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती शीतल सिंह ने सागर स्थित अंबेडकर चौक के मुस्कान रेस्टोरेंट एवं बार का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं मानक (खाद्य व्यवसायों का लाइसेंस और पंजीकरण) विनियम, 2011 की अनुसूची-4 के भाग-1 एवं 2 में निर्धारित सामान्य स्वच्छता एवं सैनिटरी प्रथाओं से संबंधित प्रावधानों का उल्लंघन पाया गया।
निरीक्षण के दौरान रेस्टोरेंट एवं बार में उपयोग किए जा रहे पनीर का नमूना लिया गया। नमूने को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। विभाग के अनुसार प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता एवं खाद्य गुणवत्ता मानकों के पालन को लेकर सख्ती का संदेश गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आमजन की सेहत से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण एवं जांच की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
मध्यप्रदेश के सागर से ब्यूरो चीफ मनोज प्रजापति की खास रिपोर्ट, जी भारत न्यूज़।
















