रिपोर्ट,मनोज प्रजापति

बांदरी से मालथौन टोल तक चला अतिक्रमण विरोधी अभियान, करोड़ों की शासकीय भूमि कराई गई कब्जामुक्त
सागर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अतिक्रमण विरोधी जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सागर जिले में शासकीय भूमियों को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के सख्त निर्देश पर जिला प्रशासन ने राष्ट्रीय राजमार्ग-44 (NH-44) के किनारे अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की।

बांदरी से लेकर मालथौन टोल टैक्स तक चलाए गए विशेष अभियान में प्रशासन की संयुक्त टीम ने जेसीबी और बुलडोजर की मदद से 20 से अधिक अवैध ढाबों, होटलों, रेस्टोरेंट, टपरों और अन्य व्यावसायिक निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान करोड़ों रुपये मूल्य की बेशकीमती शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया।
मैपिंग और सीमांकन के बाद हुई कार्रवाई
प्रशासन द्वारा पूर्व में कराई गई मैपिंग और सीमांकन के आधार पर बांदरी से मालथौन अनुविभाग के ग्राम पलेथनी तक हाईवे से लगी शासकीय भूमि पर किए गए पक्के एवं अस्थाई निर्माणों को चिन्हित किया गया था। इसके बाद राजस्व अभिलेखों के आधार पर अतिक्रमण की पुष्टि होने पर संबंधित निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
कार्रवाई की जद में सौरभ होटल/सौरभ ढाबा (बांदरी), न्यू बुंदेला ढाबा एवं बुंदेला ढाबा (पलेथनी), ओम साईं राम रेस्टोरेंट, राधा कृष्ण ढाबा और हरियाणा होटल सहित कई अन्य निर्माण आए।

प्रशासन के अनुसार, सौरभ होटल/ढाबा द्वारा निजी भूमि की आड़ में हाईवे किनारे शासकीय भूमि पर किए गए अवैध विस्तार को हटाया गया। वहीं पलेथनी में न्यू बुंदेला ढाबा एवं बुंदेला ढाबा के निर्माण भी जेसीबी की मदद से ध्वस्त किए गए।
ओम साईं राम रेस्टोरेंट के संचालक वीरेंद्र सिंह बुंदेला एवं उनके भ्राता द्वारा शासकीय भूमि पर किए गए निर्माण को भी जमींदोज किया गया। इसके अलावा राधा कृष्ण ढाबा से जुड़े अतिक्रमण तथा हरियाणा होटल के अवैध व्यावसायिक ढांचे पर भी प्रशासन का बुलडोजर चला।
दर्जनों टपरे और अस्थाई निर्माण भी हटाए
हाईवे किनारे कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से बनाए गए दर्जनों टपरे, शेड, काउंटर और अन्य अस्थाई व्यावसायिक निर्माण भी हटाए गए। प्रशासन की इस कार्रवाई से लंबे समय से अतिक्रमण की चपेट में रही शासकीय भूमि को मुक्त कराया गया।
भारी पुलिस बल के साथ संयुक्त टीम ने संभाला मोर्चा
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देश और एसडीएम श्री सतीश वर्मा के प्रत्यक्ष मार्गदर्शन में राजस्व विभाग, नगर परिषद बांदरी और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। सुबह से ही राजस्व निरीक्षक, पटवारी, नगर परिषद का अमला, जेसीबी-बुलडोजर और भारी पुलिस बल मौके पर तैनात रहा।
बांदरी एवं मालथौन थाना पुलिस ने कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था संभाली, जिससे अभियान को व्यवस्थित तरीके से पूरा किया जा सका।
अवैध कब्जों के खिलाफ आगे भी जारी रहेगा अभियान
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय संपत्तियों पर अवैध कब्जे और अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। विशेष रूप से राष्ट्रीय राजमार्गों और प्रमुख मार्गों के किनारे किए गए ऐसे निर्माण, जो यातायात व्यवस्था एवं सड़क सुरक्षा के लिए खतरा बन रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि शासकीय भूमि को कब्जामुक्त कराने का अभियान जिले में लगातार जारी रहेगा।

















