जब सरयू ने बदली राह: हेतमापुर में मस्जिद के पिलरों तक पहुंचकर थम गईं लहरें, बाढ़ पीड़ितों से मिले कुंवर सैम खान

रिपोर्ट, पीएन सिंह

जब सरयू ने बदली राह: हेतमापुर में मस्जिद के पिलरों तक पहुंचकर थम गईं लहरें, बाढ़ पीड़ितों से मिले कुंवर सैम खान

बाराबंकी/सूरतगंज। सरयू नदी के बढ़े जलस्तर और तेज कटान से सूरतगंज ब्लॉक क्षेत्र के हेतमापुर गांव में हालात बेहद चिंताजनक बने हुए हैं। नदी की विकराल धाराओं ने दर्जनों घरों को अपनी चपेट में ले लिया है। वहीं, प्राचीन धर्मस्थली हेतमापुर धाम क्षेत्र में भी बाढ़ और कटान का असर साफ दिखाई दे रहा है।

इसी बीच समाजसेवी एवं फिल्म स्टार प्रचारक कुंवर सैम खान शुक्रवार को बाढ़ प्रभावित हेतमापुर क्षेत्र पहुंचे। उन्होंने मौके पर पहुंचकर जमीनी स्थिति का जायजा लिया और प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं एवं परेशानियां सुनीं। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवारों को राहत सामग्री वितरित की और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

मस्जिद के पिलरों तक पहुंचकर बदल गई सरयू की धारा

हेतमापुर गांव में सरयू नदी की तेज धाराओं ने व्यापक कटान किया है। कई घरों के साथ हनुमान मंदिर भी नदी की धाराओं में समा चुका है। ग्रामीणों के मुताबिक, नदी की धाराएं मस्जिद के तीनों ओर तक पहुंच गईं और मस्जिद के पिलरों व चौखट को छूते हुए आगे बढ़ीं, लेकिन इसके बाद नदी की धारा ने अचानक अपना रुख बदल लिया।

मस्जिद के आसपास हुए भीषण कटान के बीच नदी की धार का इस तरह बदल जाना ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोग इसे कुदरत का करिश्मा और अपनी आस्था से जोड़कर देख रहे हैं।

पिछले दो दिनों से बड़ी संख्या में ग्रामीण मस्जिद के पास पहुंचकर सरयू की लहरों को देखने जुट रहे हैं। भीड़ बढ़ने के चलते पुलिस को सुरक्षा व्यवस्था के लिए बैरिकेडिंग भी करनी पड़ी।

बाढ़ पीड़ितों के साथ खड़े रहने का भरोसा

हेतमापुर पहुंचे कुंवर सैम खान ने प्रभावित परिवारों से बातचीत कर उनकी परेशानियां जानीं। उन्होंने पीड़ितों को राहत सामग्री उपलब्ध कराते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में वह ग्रामीणों के साथ खड़े हैं और जरूरत पड़ने पर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे।

वहीं, सरयू के बदले रुख से ग्रामीणों में भी कुछ राहत और उम्मीद दिखाई दे रही है। लगातार हो रहे कटान के बीच ग्रामीणों को उम्मीद है कि हेतमापुर की ऐतिहासिक एवं धार्मिक पहचान से जुड़ी संरचनाएं सुरक्षित रह सकेंगी।

फिलहाल प्रशासन की ओर से क्षेत्र में स्थिति पर नजर रखी जा रही है और बाढ़ एवं कटान प्रभावित लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।

 

Leave a Comment