हीरापुर में शराब के अवैध गोदाम पर बड़ा एक्शन! 261 लीटर विदेशी शराब बरामद, कीमत ₹2.80 लाख

रिपोर्ट, मनोज प्रजापति

261 बल्क लीटर विदेशी मदिरा बरामद, कीमत करीब ₹2.80 लाख; बंडा जहरीली शराब प्रकरण से कनेक्शन की जांच

सागर। जिले में अवैध एवं जहरीली शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग और सागर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम हीरापुर, चौकी हीरापुर, थाना शाहगढ़ क्षेत्र में एक मकान से भारी मात्रा में विदेशी मदिरा बरामद की है।

मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने एक संदिग्ध मकान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान मकान का इस्तेमाल अवैध शराब के गोदाम के रूप में किया जाना सामने आया। कार्रवाई के दौरान विभिन्न ब्रांडों की कुल 261 बल्क लीटर विदेशी मदिरा बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2.80 लाख रुपये बताई गई है।

बंडा जहरीली शराब प्रकरण से कनेक्शन की जांच

बरामद शराब के संबंध में बंडा जहरीली शराब प्रकरण के आरोपी मनीष लोधी से संभावित संबंध की सूचना की जांच की जा रही है। जांच एजेंसियां शराब के वास्तविक स्रोत, इसकी आपूर्ति श्रृंखला और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संभावित व्यक्तियों की भूमिका का पता लगाने में जुटी हैं।

मामले में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) एवं 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

प्रशासन और पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध एवं जहरीली शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अवैध शराब के भंडारण, परिवहन और बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment