शासकीय सेवा भूमि पर अवैध कब्जा ध्वस्त, प्रशासन ने 4.79 हेक्टेयर जमीन कराई मुक्त

रिपोर्ट,मनोज प्रजापति

सागर/शाहगढ़। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर माफियाओं और अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ सागर जिले में प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में शाहगढ़ तहसील के ग्राम सिमरिया उवरी में प्रशासन एवं राजस्व विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बंडा अवैध जहरीली शराब प्रकरण के आरोपी चंद्रभान राजपूत के कब्जे से 4.79 हेक्टेयर शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया।

ग्राम चौकीदार की सेवा भूमि पर था अवैध कब्जा

जांच के दौरान सामने आया कि बंडा प्रकरण में संलिप्त आरोपी चंद्रभान राजपूत ने ग्राम सिमरिया उवरी में ग्राम चौकीदार के लिए आरक्षित शासकीय सेवा भूमि पर कथित रूप से अवैध कब्जा कर रखा था। आरोपी द्वारा 4.56 हेक्टेयर और 0.23 हेक्टेयर, यानी कुल 4.79 हेक्टेयर भूमि पर अवैध रूप से खेती की जा रही थी।

मामला संज्ञान में आने के बाद बंडा एवं शाहगढ़ प्रभारी एसडीएम संजय जैन के नेतृत्व में राजस्व एवं पुलिस अमला मौके पर पहुंचा। प्रशासनिक टीम ने कार्रवाई करते हुए भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया तथा अवैध रूप से बोई गई फसल को नष्ट कर जमीन को शासकीय आधिपत्य में ले लिया।

अन्य आरोपियों की संपत्तियों पर भी नजर

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय एवं सार्वजनिक भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बंडा प्रकरण से जुड़े अन्य आरोपियों की संपत्तियों और गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। जांच में संलिप्तता अथवा अवैध कब्जा पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप की स्थिति है। अधिकारियों ने कहा कि शासकीय संपत्तियों की सुरक्षा और उन्हें अतिक्रमण से मुक्त कराने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Comment