चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। चक्रधरपुर विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या-195 की बूथ लेवल पदाधिकारी (बीएलओ) श्रीमती अनीता देवी ने अपने बूथ के सभी गणना प्रपत्रों का 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन निर्धारित समय से पहले पूरा कर जिले की पहली बीएलओ बनने का गौरव हासिल किया है। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ उनका नाम राज्य के उत्कृष्ट बीएलओ की सूची में भी शामिल हो गया है।
इस उपलब्धि पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार ने अनीता देवी को बधाई देते हुए कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को सफल बनाने में बीएलओ की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि अनीता देवी का समर्पण, निष्ठा और समयबद्ध कार्यशैली जिले के अन्य बीएलओ और सुपरवाइजरों के लिए प्रेरणादायक है।
उपायुक्त ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 12 जुलाई 2026 तक गणना प्रपत्रों का वितरण और 20 जुलाई 2026 तक सभी प्रपत्रों का 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिला प्रशासन इस लक्ष्य को समय पर पूरा करने के लिए लगातार निगरानी कर रहा है।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि जिले में सबसे पहले 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन पूरा करने वाले शीर्ष 10 बीएलओ और सुपरवाइजरों को जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा सम्मानित और पुरस्कृत किया जाएगा, ताकि उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों का उत्साहवर्धन हो सके।
उप निर्वाचन पदाधिकारी बंधन लॉन्ग ने बताया कि निर्वाचन कार्यों को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए बीएलओ और सुपरवाइजरों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। बारिश के मौसम को देखते हुए उन्हें बरसाती, छाता और अन्य जरूरी सामग्री भी दी गई है, ताकि क्षेत्रीय कार्य बिना किसी बाधा के जारी रह सके।
जिला निर्वाचन कार्यालय ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए अपने गणना प्रपत्र समय पर उपलब्ध कराएं, जिससे मतदाता सूची को अद्यतन, त्रुटिरहित और पारदर्शी बनाया जा सके।








