सागर: बैंकिंग एवं वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा को लेकर सागर पुलिस का विशेष अभियान

रिपोर्ट, मनोज प्रजापति

सागर। जिले में बैंक, एटीएम एवं अन्य वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सागर पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत पुलिस टीमों द्वारा विभिन्न बैंक शाखाओं और वित्तीय संस्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की जा रही है।

पुलिस द्वारा बैंक प्रबंधन को सीसीटीवी कैमरों की पर्याप्त कवरेज सुनिश्चित करने, पार्किंग स्थल एवं बैंक के बाहरी क्षेत्रों में भी कैमरे लगाने तथा सीसीटीवी की रिकॉर्डिंग को नियमित रूप से जांचने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सुरक्षा गार्डों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने के लिए कहा गया है।

अभियान के दौरान पुलिस और बैंक प्रबंधन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया जा रहा है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में सूचना का आदान-प्रदान तेजी से हो सके। पुलिस ने बैंक कर्मचारियों एवं आम लोगों से अपील की है कि बैंक या एटीएम के आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या परिस्थिति नजर आने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

सागर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बैंकिंग एवं वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच का यह अभियान जिलेभर में लगातार जारी रहेगा। सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही सामने आने पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।

 

Leave a Comment