बागबेड़ा: कॉलोनी पंचायत क्षेत्र में चोरों ने एक सेवानिवृत्त आर्मी जवान के बंद घर को निशाना बनाते हुए भीषण चोरी की घटना को अंजाम दिया है। चोर घर से लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण समेत घरेलू सामान और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज लेकर फरार हो गए। चोरी की इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में चिंता का माहौल है।
जानकारी के अनुसार बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत अंतर्गत ब्लॉक नंबर 14/2/3, रोड नंबर-1, पानी टंकी के सामने रहने वाले सेवानिवृत्त आर्मी जवान श्रवण कुमार, पिता प्रभा कुंवर पिछले करीब दो महीने से इलाज के सिलसिले में रांची के एक अस्पताल में भर्ती थे। इसी दौरान उनका घर बंद था।
बताया गया कि मंगलवार शाम इलाज के बाद जब श्रवण कुमार अपने घर वापस लौटे तो घर के अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। घर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था और कई सामान गायब थे। घर की जांच करने के बाद चोरी की घटना का पता चला।
पीड़ित के मुताबिक चोर घर से करीब 30 से 32 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए हैं। इसके अलावा घर के बर्तन, चार पंखे, इनवर्टर, बिजली के तार, बोर्ड-स्विच, टीवी, स्टेबलाइजर, पानी का मोटर तथा बाथरूम और बेसिन के नल सहित कई अन्य सामान भी चोरी हुए हैं।
चोरी की घटना की गंभीरता इस वजह से भी बढ़ गई है कि चोर घर से आर्मी से संबंधित जरूरी दस्तावेज, जमीन के कागजात और बैंक से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज भी अपने साथ ले गए हैं। पीड़ित परिवार ने चोरी हुए सामान और दस्तावेजों की जल्द बरामदगी की मांग की है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत के मुखिया राजकुमार गोड, उप मुखिया संतोष ठाकुर, वार्ड प्रतिनिधि राकेश सिंह एवं राजकुमार सिंह मौके पर पहुंचे। जनप्रतिनिधियों ने तत्काल बागबेड़ा थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए मामले की प्रारंभिक जांच शुरू की।
मुखिया राजकुमार गोड और उप मुखिया संतोष ठाकुर ने चोरी की घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने पुलिस एवं जिला प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द चोरी की घटना का उद्भेदन करने, आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी करने और चोरी गए सामान की बरामदगी सुनिश्चित करने की मांग की।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि क्षेत्र में लगातार सुरक्षा को लेकर लोगों की चिंता बढ़ रही है। ऐसे में पुलिस की नियमित गश्त और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की आवश्यकता है, ताकि चोरी जैसी घटनाओं पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाया जा सके।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। चोरी की घटना में शामिल आरोपियों तक पहुंचने के लिए आसपास के क्षेत्र में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही चोरी की पूरी तस्वीर और नुकसान का वास्तविक आकलन सामने आ सकेगा।















