प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित, 24 अगस्त अंतिम तिथि

रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान।

बाराबंकी। मत्स्य विभाग द्वारा संचालित प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत विभिन्न परियोजनाओं का लाभ लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को मत्स्य पालन से संबंधित विभिन्न गतिविधियों के लिए लाभ प्रदान किया जाएगा।

वित्तीय वर्ष 2020-21 से संचालित इस योजना के अंतर्गत खारे जल में तालाब निर्माण एवं निवेश, मध्याकार आर.एस.एस., रियरिंग यूनिट, बैकयार्ड आर.ए.एस., जलाशयों में मत्स्य अंगुलिका संचय तथा पारंपरिक मछुआरा परिवारों के लिए आजीविका एवं पोषण संबंधी सहायता जैसी परियोजनाओं के लिए आवेदन किए जा सकते हैं।

इन परियोजनाओं में सामान्य वर्ग, महिला वर्ग तथा अनुसूचित जाति के पात्र लाभार्थियों के लिए अलग-अलग प्रावधान किए गए हैं। इच्छुक व्यक्ति विभागीय पोर्टल fisheries.up.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया 14 अगस्त 2026 से शुरू हो चुकी है, जबकि आवेदन करने की अंतिम तिथि 24 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है।

विभाग के अनुसार योजना से संबंधित परियोजनाओं का विवरण, इकाई लागत, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक अभिलेख एवं अन्य विस्तृत जानकारी विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध है। इच्छुक आवेदक आवेदन करने से पहले पोर्टल पर उपलब्ध दिशा-निर्देशों का अवलोकन कर सकते हैं।

इसके अतिरिक्त योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी किसी भी कार्य दिवस में मत्स्य पालक विकास अभिकरण, 22 सत्यप्रेमीनगर, बाराबंकी के कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है। विभाग द्वारा संपर्क के लिए दूरभाष संख्या 05248-358643 भी जारी की गई है।

मत्स्य विभाग ने पात्र एवं इच्छुक लोगों से निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर योजना का लाभ उठाने की अपील की है।

Leave a Comment