आहार दिवस पर पश्चिमी सिंहभूम में चला सघन निरीक्षण अभियान, PDS दुकानों की जांच

चाईबासा:पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन के निर्देश पर ‘आहार दिवस’ के अवसर पर जिले के विभिन्न पंचायतों एवं शहरी क्षेत्रों में जन वितरण प्रणाली (PDS) दुकानों का सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया। इसके लिए प्रतिनियुक्त वरीय पदाधिकारियों एवं सहायक अधिकारियों की अलग-अलग टीमों ने कई दुकानों का औचक निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत पात्र गृहस्थी एवं अंत्योदय अन्न योजना के लाभुकों तथा राज्य खाद्य सुरक्षा योजना (ग्रीन कार्ड) के तहत खाद्यान्न वितरण की जांच की गई। अधिकारियों ने ई-पॉश मशीन में दर्ज बायोमेट्रिक सत्यापन एवं राशन वितरण के आंकड़ों का भी मिलान किया।

अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लाभुकों से बातचीत कर उन्हें मिलने वाले राशन की मात्रा, गुणवत्ता, निर्धारित मूल्य और पीडीएस दुकान के नियमित रूप से खुलने की जानकारी ली। साथ ही दुकानों में उपलब्ध स्टॉक एवं स्टॉक रजिस्टर की भी जांच की गई।

इसके अलावा अनुदानित दर पर मिलने वाले नमक एवं दाल की उपलब्धता तथा वितरण व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। वहीं, ‘सोना सोबरन धोती-साड़ी-लुंगी वितरण योजना’ के तहत लाभुकों को वस्त्र उपलब्ध कराने की स्थिति की भी समीक्षा की गई।

निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं को दुकान समय पर खोलने, सूचना पट्ट पर स्टॉक एवं निर्धारित दरों की जानकारी स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने तथा स्टॉक रजिस्टर को नियमित रूप से अद्यतन रखने का निर्देश दिया।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि राशन वितरण में घटतौली, कालाबाजारी या किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित डीलर के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अभियान का उद्देश्य पात्र लाभुकों को सरकारी खाद्य सुरक्षा योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं सुचारू रूप से उपलब्ध कराना है।

AnupSrivastav
Author: AnupSrivastav

State Prabhari, Jharkhand Zee Bharat News

Leave a Comment