सागर कलेक्टर ने टीएल बैठक में दिए सख्त निर्देश, लंबित शिकायतें गुरुवार तक शत-प्रतिशत निराकृत करने के आदेश

रिपोर्ट, मनोज प्रजापति।

सागर। सोमवार को सागर कलेक्ट्रेट के सभा कक्ष में आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक की अध्यक्षता करते हुए कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने सीएम जनविश्वास अभियान के तहत लंबित सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई और लोक सेवा गारंटी के आवेदनों की विस्तृत समीक्षा की।

कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आगामी गुरुवार तक सभी लंबित शिकायतों का आवेदकों की संतुष्टि के साथ शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि बिना उचित कारण लंबित रखी गई शिकायतों के लिए संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी किए जाएंगे।

बैठक में पिछले जनविश्वास कार्यक्रम के दौरान प्राप्त आवेदनों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि अगला जनविश्वास शिविर शुक्रवार को जैसीनगर में आयोजित होगा। इसके अलावा सभी एसडीएम अपने-अपने क्षेत्रों में समीक्षा बैठक और निरीक्षण कर शिकायतों का मौके पर निराकरण सुनिश्चित करें।

उन्होंने अधिकारियों को कार पूलिंग अपनाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों से संबंधित विशेष शिकायतों का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए। सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को प्रत्येक शुक्रवार अपने संबंधित संस्थानों एवं कार्यालयों का अनिवार्य निरीक्षण करने को कहा गया। विभिन्न आयोगों, जनसुनवाई और लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण करने के साथ ही रिट याचिकाओं के जवाब समय पर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।

खाद वितरण की व्यवस्था पर भी नजर

कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने जिले में खाद की उपलब्धता और रैक लगने की जानकारी ली। उन्होंने सभी एसडीएम को खाद के सुचारू एवं व्यवस्थित वितरण की जिम्मेदारी संभालने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

100 दिन से अधिक लंबित मामलों पर पेनल्टी

पीएम श्रम योगी मानधन योजना और संबल योजना के 100 दिनों से अधिक लंबित मामलों को लेकर कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने संबंधित सीईओ और सीएमओ पर ₹1,000 की पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए।

बैठक में कृषक कल्याण से जुड़ी स्वरोजगार परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। जल संरक्षण के लिए कंटूर ट्रेंच, वाटरशेड तथा एनआरएलएम के माध्यम से क्रेडिट लिंकेज बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश

कलेक्टर ने भूमि सर्वेक्षण की रिपोर्ट शीघ्र भेजने, भू-अर्जन की समीक्षा करने तथा नामांतरण, सीमांकन और बंटवारे के लंबित मामलों का जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए। सभी जनपद सीईओ को समग्र ई-केवाईसी का कार्य भी शीघ्र पूर्ण कराने को कहा गया।

परख ऐप पर दर्ज होगी निरीक्षण की जानकारी

कलेक्टर ने जनविश्वास कार्यक्रम और विभागीय निरीक्षण से संबंधित विवरण परख ऐप पर अनिवार्य रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विवेक केवी, अपर कलेक्टर श्री अविनाश रावत, सिटी मजिस्ट्रेट श्री शैलेश द्विवेदी, डिप्टी कलेक्टर श्री संजय जैन सहित सभी एसडीएम एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

मध्य प्रदेश के सागर से ब्यूरो चीफ मनोज प्रजापति की खास रिपोर्ट, जी भारत न्यूज़।

Leave a Comment