रिपोर्ट, पी.एन. सिंह बेलहरा बाराबंकी।
बेलहरा — नगर पंचायत बेलहरा के वार्ड नंबर 8 स्थित मोहारी पानी पम्प हाउस का ट्रांसफार्मर पिछले लगभग पांच दिनों से खराब पड़ा हुआ है। ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण वार्ड 8 सहित दो वार्डों में पेयजल आपूर्ति पूरी तरह प्रभावित हो गई है, जिससे क्षेत्र के लोग भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं।
भीषण गर्मी के बीच पानी की सप्लाई बंद होने से लोगों को पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि समस्या की जानकारी कई बार पावर हाउस और संबंधित विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों को दी गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी फोन तक रिसीव नहीं कर रहे हैं, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
क्षेत्रवासियों के अनुसार, पानी संकट के कारण दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को दूर-दराज के हैंडपंपों और निजी साधनों से पानी की व्यवस्था करनी पड़ रही है।
नगर पंचायत के नागरिकों ने प्रशासन और बिजली विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर बदलकर पानी आपूर्ति बहाल कराई जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। समस्या का शीघ्र समाधान न होने पर क्षेत्रवासियों ने आंदोलन की चेतावनी भी दी है।










