रिपोर्ट सुरेंद्र सिंह चौहान, जी भारत न्यूज़।
बाराबंकी, 18 मई। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित लोकसभागार में जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद की 294 ऐसी परियोजनाओं की परियोजनावार समीक्षा की गई, जिनकी प्रगति 80 प्रतिशत से अधिक दर्ज की गई थी।

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि पूर्व में खंड विकास अधिकारियों के माध्यम से कराए गए स्थलीय सत्यापन में कई स्थानों पर कार्यों में कमियां पाई गईं। इस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को सख्त निर्देश दिए कि पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों को पूर्ववत एवं गुणवत्तापूर्ण स्थिति में बहाल किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण और मरम्मत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। खराब गुणवत्ता वाली परियोजनाओं में संबंधित एजेंसियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में जिलाधिकारी ने जल निगम ग्रामीण के सहायक अभियंताओं को प्रतिदिन कम से कम तीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही अगली समीक्षा बैठक में निरीक्षण रिपोर्ट और प्रगति चार्ट प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने सभी परियोजनाओं में शत-प्रतिशत घरेलू जल कनेक्शन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि परियोजनाओं का नियमित औचक निरीक्षण ब्लॉक एवं तहसील स्तर के अधिकारियों द्वारा भी किया जाएगा और निरीक्षण में कमी मिलने पर संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में जल निगम ग्रामीण के अधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।









