बाराबंकी: डीएम के निर्देश पर मिड डे मील व्यवस्था का औचक निरीक्षण, अनियमितताओं पर होगी जवाबदेही तय

सिरौलीगौसपुर, हैदरगढ़ व फतेहपुर के कुछ विद्यालयों में कमियां मिलीं, रामनगर में व्यवस्थाएं संतोषजनक

बाराबंकी, 29 अप्रैल। जिलाधिकारी श्री ईशान प्रताप सिंह के निर्देशों के क्रम में जनपद की विभिन्न तहसीलों सिरौलीगौसपुर, रामनगर, हैदरगढ़ एवं फतेहपुर के परिषदीय विद्यालयों में उपजिलाधिकारियों एवं तहसीलदारों द्वारा मिड डे मील योजना के अंतर्गत औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान छात्र उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, दूध वितरण, साफ-सफाई एवं विद्यालय संचालन व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया।

निरीक्षण में रामनगर तहसील के निरीक्षित विद्यालयों में व्यवस्थाएं सामान्य रूप से संतोषजनक पाई गईं। हैदरगढ़ तहसील में अधिकांश विद्यालयों में व्यवस्थाएं संतोषजनक रहीं, किन्तु प्राथमिक विद्यालय भटखेरा में दूध वितरण न किए जाने की अनियमितता पाई गई। फतेहपुर तहसील के प्राथमिक विद्यालय मदनपुर में दूध समय से उपलब्ध न होने पर संबंधित को निर्देश दिए गए। सिरौलीगौसपुर तहसील में प्राथमिक विद्यालय श्यामनगर एवं मथनापुर में मिड डे मील के अंतर्गत दूध उपलब्ध नहीं मिला, कम्पोजिट विद्यालय खलसापुर में साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई तथा प्राथमिक विद्यालय ठाकुरपुर निरीक्षण के दौरान बंद मिला। कुछ विद्यालयों में नामांकन के सापेक्ष छात्र उपस्थिति कम पाए जाने पर भी सुधारात्मक निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी श्री ईशान प्रताप सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जहां-जहां अनियमितताएं अथवा कमियां पाई गई हैं, वहां संबंधित ग्राम प्रधान एवं प्रधानाध्यापक की जवाबदेही तय कर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि मिड डे मील योजना की गुणवत्ता और विद्यालयीय व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा ऐसे औचक निरीक्षण आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।

Leave a Comment