बाराबंकी, 14 मई। खरीफ फसल सत्र 2026 के तहत राजकीय कृषि बीज भण्डारों से अनुदान पर वितरित किए जाने वाले सामान्य बीजों एवं मिनीकिट के लाभार्थी किसानों के चयन के लिए बुधवार को डीआरडीए सभागार, बाराबंकी में जनपदस्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में लक्ष्य से अधिक बुकिंग वाले विकास खण्डों के किसानों का चयन ई-लॉटरी के माध्यम से किया गया।

ई-लॉटरी प्रक्रिया की अध्यक्षता उपायुक्त स्वतः रोजगार बाराबंकी श्री सुनील कौशल ने की। इस दौरान उप कृषि निदेशक एवं समिति के सदस्य-सचिव श्री धीरेन्द्र सिंह, जिला कृषि अधिकारी श्री राजित राम, जिला कृषि रक्षा अधिकारी श्री विजय कुमार, कृषि विज्ञान केन्द्र हैदरगढ़ के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अश्वनी कुमार सिंह तथा एनआईसी बाराबंकी के नेटवर्क इंजीनियर श्री मोनम सहित विभिन्न विकास खण्डों के लगभग 50 किसान उपस्थित रहे।

अधिकारियों ने बताया कि जनपद में ढैंचा बीज हेतु विकास खण्ड बनीकोडर एवं सिद्धौर, उर्द बीज मिनीकिट हेतु बनीकोडर एवं त्रिवेदीगंज, मूंग मिनीकिट हेतु बनीकोडर तथा सामान्य उर्द वितरण हेतु बनीकोडर एवं दरियाबाद में लक्ष्य से अधिक बुकिंग प्राप्त हुई थी। इसके चलते पात्र किसानों का चयन ई-लॉटरी के माध्यम से किया गया।

इसके अलावा अन्य विकास खण्डों में लक्ष्य से कम बुकिंग होने के कारण सभी किसानों का चयन कृषि निदेशालय स्तर से ऑटो-कन्फर्म व्यवस्था के तहत कर दिया गया है।
कृषि विभाग के अनुसार चयनित किसानों के मोबाइल नंबर पर पोर्टल के माध्यम से बुकिंग कन्फर्म होने का संदेश भेज दिया गया है। विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी बुकिंग के अनुसार संबंधित राजकीय कृषि बीज भण्डार से समय पर बीज प्राप्त कर लें।









