जुगसलाई में गंगौर स्वीट्स के गोदाम में भीषण आग, इलाके में मची अफरा-तफरी

जमशेदपुर, पूर्वी सिंहभूम जिले के जुगसलाई थाना क्षेत्र स्थित डिकोस्टा रोड पर शुक्रवार शाम करीब 4 बजे गंगौर स्वीट्स के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए अभियान शुरू किया गया। हालांकि आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। देर शाम तक भी आग पूरी तरह बुझाई नहीं जा सकी थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की लपटें दूर से दिखाई दे रही थीं और आसपास के लोगों में भय का माहौल बना हुआ था। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। घटना में हुए नुकसान और किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि भी अभी तक नहीं हुई है। गंगौर स्वीट्स प्रबंधन की ओर से भी इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

सूत्रों के अनुसार घटनास्थल पर पहुंचे मीडिया कर्मियों को कवरेज करने से रोके जाने की बात भी सामने आई है। हालांकि इसके पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। मौके पर जुगसलाई थाना पुलिस मौजूद रही, लेकिन प्रशासन की ओर से मीडिया को कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई।

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि वर्ष 2021 में कोरोना काल के दौरान भी इसी परिसर में भीषण आग लग चुकी थी। उनका कहना है कि रिहायशी क्षेत्र के बीच बड़े पैमाने पर फैक्ट्री संचालन को लेकर कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन जुगसलाई नगर परिषद और संबंधित विभागों ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया।

आसपास रहने वाले लोगों का कहना है कि फैक्ट्री में दिन-रात भारी मशीनों के संचालन के कारण उनके घरों में कंपन महसूस होता है और कई मकानों की दीवारों में दरारें तक आ चुकी हैं। स्थानीय लोगों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं से हमेशा जान-माल का खतरा बना रहता है।

निवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व में हुई घटनाओं के दौरान प्रभावित लोगों को पर्याप्त सहयोग नहीं मिला था। फिलहाल पुलिस, प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें स्थिति को नियंत्रित करने तथा आग लगने के कारणों की जांच में जुटी हुई हैं। घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर से मंडल ब्यूरो हेड बृजराज सिंह की रिपोर्ट, जी भारत न्यूज़।

Leave a Comment