महराजगंज, आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से महराजगंज पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। पुलिस अधीक्षक महराजगंज के निर्देशन में सदर क्षेत्राधिकारी अंकुर गौतम के नेतृत्व में परतावल एवं घुघली थाना क्षेत्रों में पुलिस टीम द्वारा पैदल फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस बल ने प्रमुख बाजारों, सार्वजनिक स्थलों तथा संवेदनशील इलाकों में पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान आमजन से संवाद स्थापित करते हुए शांति, सौहार्द एवं आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की गई।
सीओ अंकुर गौतम ने पुलिसकर्मियों को कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने, अपराध नियंत्रण पर विशेष नजर रखने तथा असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्रीय लोगों से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार फ्लैग मार्च एवं निगरानी अभियान चलाकर जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है, जिससे आगामी त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।
महाराजगंज से अमित श्रीवास्तव की खास रिपोर्ट, जी भारत न्यूज़।










