जमशेदपुर में भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाया गया ईद-उल-अजहा का पर्व

जमशेदपुर, पूर्वी सिंहभूम।
ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पावन पर्व पूर्वी सिंहभूम जिले के जमशेदपुर शहर में श्रद्धा, उल्लास और शांतिपूर्ण वातावरण के बीच हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही शहर की विभिन्न मस्जिदों एवं ईदगाहों में नमाज अदा करने के लिए मुस्लिम समुदाय के लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी तथा देश और समाज में अमन, चैन, तरक्की और खुशहाली की दुआ मांगी।

ईद के इस अवसर पर पूरे शहर में भाईचारे, प्रेम और इंसानियत की अनूठी मिसाल देखने को मिली। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में खासा उत्साह नजर आया। लोगों ने अपने घरों में विशेष पकवान तैयार किए और जरूरतमंदों की सहायता कर कुर्बानी, सेवा एवं मानवता का संदेश दिया।

त्योहार को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद नजर आया। शहर के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। प्रशासन की ओर से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई, जिसका नागरिकों ने सकारात्मक रूप से पालन किया।

प्रशासन ने लोगों से अपील की कि पर्व को आपसी भाईचारे, प्रेम, शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं। साथ ही नमाज एवं धार्मिक कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न करने, यातायात व्यवस्था एवं सार्वजनिक स्वच्छता बनाए रखने तथा सोशल मीडिया पर केवल सत्य एवं सकारात्मक संदेश साझा करने का आग्रह किया गया। लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस प्रशासन को देने की भी अपील की गई।

वहीं प्रशासन ने अफवाह या भड़काऊ संदेश सोशल मीडिया पर साझा नहीं करने, सार्वजनिक स्थानों पर अव्यवस्था या सड़क जाम की स्थिति उत्पन्न नहीं करने तथा किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली गतिविधियों से दूर रहने की सलाह दी। तेज आवाज, हुड़दंग एवं विवाद जैसी गतिविधियों से बचने और कानून व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी कार्य में शामिल नहीं होने का भी निर्देश दिया गया।

ईद-उल-अजहा का यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए। आइए, हम सब मिलकर प्रेम, सद्भाव और इंसानियत का संदेश फैलाएं।

रिपोर्ट : आसिफ हुसैन जमशेदपुर, पूर्वी सिंहभूम
जी भारत न्यूज़।

Leave a Comment