जालौन पुलिस ने बरामद किए 210 गुमशुदा मोबाइल, स्वामियों को सौंपे गए मोबाइल

जालौन। साइबर थाना एवं जनपद जालौन के विभिन्न थानों पर गठित पुलिस टीमों ने उल्लेखनीय सफलता प्राप्त करते हुए कुल 210 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद किए गए मोबाइलों की अनुमानित कीमत लगभग 35 लाख 70 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में संचालित विशेष अभियान के तहत साइबर थाना और जनपद के विभिन्न थानों की संयुक्त टीमों ने तकनीकी सहायता एवं सतत प्रयासों के माध्यम से इन मोबाइल फोनों को खोज निकाला। बरामदगी के उपरांत सभी मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को विधिवत सुपुर्द कर दिए गए।
अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर मोबाइल स्वामियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। लोगों ने जालौन पुलिस की इस सराहनीय कार्यवाही की प्रशंसा करते हुए पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
जालौन पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल गुम होने या साइबर अपराध से संबंधित किसी भी समस्या की सूचना तत्काल साइबर हेल्पलाइन एवं नजदीकी पुलिस थाने में दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
ब्यूरो रिपोर्ट : शोभित पाण्डेय

Leave a Comment