विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर बाराबंकी में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित

रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान, जी भारत न्यूज़।

बाराबंकी, 29 मई 2026। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ की मंशानुरूप तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बाराबंकी के तत्वावधान में विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय, बाराबंकी में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बाराबंकी के सचिव श्री उज्ज्वल उपाध्याय ने की।

शिविर को संबोधित करते हुए श्री उज्ज्वल उपाध्याय ने आमजन को तंबाकू सेवन के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं के बीच तंबाकू का सेवन एक फैशन के रूप में उभर रहा है, जबकि यह स्वास्थ्य के लिए अत्यंत घातक है। तंबाकू के सेवन से मुंह, गला, फेफड़े, कंठ, खाद्य नली और गुर्दे सहित शरीर के विभिन्न अंगों में कैंसर जैसी गंभीर बीमारियां हो सकती हैं। उन्होंने लोगों से तंबाकू और धूम्रपान से दूर रहने की अपील की।

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अवधेश कुमार यादव ने कहा कि तंबाकू का सेवन न केवल कैंसर, टीबी और हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियों का कारण बनता है, बल्कि यह व्यक्ति और उसके परिवार पर शारीरिक, मानसिक एवं आर्थिक रूप से भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। उन्होंने बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के आंकड़ों के अनुसार प्रतिवर्ष लाखों लोगों की मृत्यु तंबाकू जनित बीमारियों के कारण होती है।

विशेषज्ञों ने शिविर में उपस्थित लोगों को तंबाकू मुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया तथा स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। इस अवसर पर श्रमिकों एवं उपस्थित नागरिकों को जागरूकता संबंधी पंपलेट भी वितरित किए गए।

कार्यक्रम में डॉ. डी.के. श्रीवास्तव (एसीएमओ), डॉ. राजीव सिंह (जिला प्रतिरक्षण अधिकारी) तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के डेटा एंट्री ऑपरेटर श्री लवकुश कनौजिया सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

यह शिविर तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने तथा स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

Leave a Comment