15 अप्रैल को निकलेगी ऐतिहासिक शोभायात्रा
ब्यूरो रिपोर्ट: शोभित पाण्डेय
कालपी (जालौन) धार्मिक आस्था और सनातन परंपराओं की जीवंत भूमि कालपी एक बार फिर ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनने जा रही है। नगर के मुहल्ला सदर बाजार स्थित प्राचीन महादेव मंदिर परिसर में भगवान श्री राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में भव्य एवं विशाल धार्मिक आयोजन 13 अप्रैल से प्रारंभ होगा। इस आयोजन को लेकर नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में उत्साह, उल्लास और भक्ति का अद्भुत वातावरण व्याप्त है।
मंदिर समिति के तत्वावधान में आयोजित इस अनुष्ठान में अष्टधातु से निर्मित भगवान श्री राम, माता सीता, भ्राता लक्ष्मण एवं परम भक्त हनुमान जी की दिव्य एवं आकर्षक प्रतिमाओं की विधिवत प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। श्रद्धालुओं का मानना है कि इस प्रकार के दुर्लभ धार्मिक आयोजन जीवन में बहुत कम अवसरों पर ही देखने को मिलते हैं, इसलिए इसे लेकर भक्तों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
आयोजन समिति द्वारा समस्त धर्मानुरागी श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे इस पुण्य अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर तन, मन एवं धन से सहयोग प्रदान करें और इस महायज्ञ के सहभागी बनकर अपने जीवन को धन्य करें।
इस चार दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम को विद्वान आचार्य गौरव कृष्ण शुक्ल एवं उनके सहयोगी आचार्यों द्वारा वैदिक विधि-विधान के साथ संपन्न कराया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत 13 अप्रैल (सोमवार) को प्रातःकाल गणपति पूजन, जलाधिवास, पीठ पूजन सहित विभिन्न देवताओं के आवाहन के साथ होगी।
दूसरे दिन 14 अप्रैल (मंगलवार) को अन्नाधिवास, पुष्पाधिवास, फलाधिवास, मिष्ठानाधिवास एवं महाभिषेक जैसे महत्वपूर्ण अनुष्ठान संपन्न किए जाएंगे।
तीसरे दिन 15 अप्रैल (बुधवार) को भगवान का भव्य श्रृंगार, नगर भ्रमण शोभायात्रा, प्राण प्रतिष्ठा एवं पूजन की मुख्य विधियां संपन्न होंगी, जो इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेंगी।
अंतिम दिन 16 अप्रैल (गुरुवार) को हवन, कन्या भोज एवं दोपहर 2 बजे से विशाल महाभंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
प्राण प्रतिष्ठा समारोह के अंतर्गत 15 अप्रैल को प्रातः 10 बजे भव्य नगर भ्रमण शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान भगवान श्री राम अपने परिवार सहित नगर के प्रमुख मार्गों एवं प्राचीन मंदिरों में भ्रमण करेंगे। शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालु जगह-जगह पुष्प वर्षा, आरती एवं भजन-कीर्तन के माध्यम से भगवान का स्वागत करेंगे।
इस भव्य धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में नगर एवं क्षेत्र के श्रद्धालुओं का भरपूर सहयोग मिल रहा है। विशेष रूप से युवा कल्याण अधिकारी नेहा गुप्ता, उपजिलाधिकारी हमीरपुर बलराम गुप्ता एवं विधायक कालपी विनोद चतुर्वेदी का योगदान बताया जा रहा है।









