रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान जी भारत न्यूज़।
बाराबंकी, 16 मई 2026।
जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के उद्देश्य से शनिवार को तहसील हैदरगढ़ में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक, उपजिलाधिकारी हैदरगढ़ सहित विभिन्न विभागों के जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और जिन मामलों में तत्काल राहत संभव थी, उनका मौके पर ही निस्तारण कराया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें तथा सभी शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में जल जीवन मिशन के अंतर्गत सड़क खुदाई, पेयजल आपूर्ति, पाइपलाइन क्षति एवं जलापूर्ति बाधित होने से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित मामलों की गहन जांच के लिए टीम गठित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का स्थलीय निरीक्षण कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

भूमि विवाद संबंधी मामलों पर जिलाधिकारी ने राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम बनाकर मौके पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी टीमें तत्काल स्थलीय निरीक्षण कर सायंकाल तक विस्तृत आख्या प्रस्तुत करें।
इसके अलावा जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित मामलों में पात्र लाभार्थियों को शीघ्र सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचना चाहिए। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

जनपद की सभी तहसीलों में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 562 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 49 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष मामलों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
तहसीलवार प्राप्त शिकायतों में नवाबगंज तहसील में 148 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 15 का मौके पर निस्तारण किया गया। सिरौलीगौसपुर में 23 में से 9, रामसनेहीघाट में 66 में से 7, रामनगर में 54 में से 4, फतेहपुर में 35 में से 3 तथा हैदरगढ़ तहसील में 236 में से 11 प्रकरणों का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित किया गया।









