रिपोर्ट सुरेंद्र सिंह चौहान जी भारत न्यूज़।
09 मई, 2026 को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता हेतु जनपद न्यायाधीश की अध्यक्षता में विचार विमर्श बैठक व जागरूकता रैली संपन्न*
उ0प्र0राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा निर्देशों के अनुक्रम में कैलेण्डर वर्ष 2026 की दूसरी राष्ट्रीय लोक अदालत, जो कि दिनांक 09 मई, 2026 को आयोजित की जानी है, इस लोक अदालत को सफल बनाए जाने के उद्देश्य से आज जनपद न्यायालय परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता श्रीमती प्रतिमा श्रीवास्तव, जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने की। बैठक में श्री कृष्णचन्द्र सिंह अपर जिला जज/नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत, श्री उज्ज्वल उपाध्याय सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अतिरिक्त राज कुमार सिंह यादव अपर जिलाधिकारी/नोडल अधिकारी प्रशासन, श्री विकास चन्द्र त्रिपाठी, अपर पुलिस अधीक्षक/नोडल अधिकारी पुलिस विभाग, श्री सौरभ मोर्या अग्रणी बैंक मैनेजर/नोडल अधिकारी बैंक व फाइनेन्स कम्पनी के अतिरिक्त विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारी, बैंकों के नोडल अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान लोक अदालत के आयोजन से संबंधित तैयारियों एवं रणनीतियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

श्रीमती प्रतिमा श्रीवास्तव जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने सभी विभागों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करते हुए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत आम जनता को सुलभ, सस्ता एवं त्वरित न्याय दिलाने का सशक्त माध्यम है। इसे और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी गंभीरता से प्रयास करें और राष्ट्रीय लोक अदालतों का लाभ जमीनी स्तर पर गरीब, वंचितों को दिलाने का प्रयास करें। प्रशासन के नोडल अधिकारी को निर्देशित करते हुये लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए प्रभावी कदम उठाते हुये आशा बहू, आंगनबाड़ी, कार्यकर्ती, आदि के माध्यम से प्रचार प्रसार कराने के निर्देश दिये गये जिससे अधिक से अधिक लोग इस योजना का लाभ उठा सकें। साथ ही, प्री-लिटिगेशन (मुकदमा पूर्व) के लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। पुलिस विभाग को निर्देश देते हुये कथन किया गया कि इस लोक अदालत में निस्तारण हेतु लंबित मामलों से संबंधित नोटिसों एवं सम्मनों के तामीला का कार्य शत-प्रतिशत सुनिश्चित किया जाए, जिससे अधिक से अधिक पक्षकार न्यायालय में उपस्थित हो सकें। बैंकों के प्रतिनिधियों को निर्देश दिये गये कि वे ऋण वसूली (रिकवरी) से संबंधित लंबित मामलों, विशेषकर वे जो लोक अदालत में निस्तारण के लिए उपयुक्त हैं, को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर आपसी सहमति से निस्तारण का प्रयास किया जाए।
श्री कृष्णचन्द्र सिंह अपर जिला जज/नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत के द्वारा पिछली राष्ट्रीय लोक अदालत में निस्तारित वादों एवं आगामी लोक अदालत हेत चिन्हित वादों का तुलनात्मक विश्लेषण प्रस्तुत करते हुये पिछली लोक अदालत के अधिक मामलों को इस लोक अदालत में निस्तारित करने के लिए प्रेरित किया गया।
श्री उज्ज्वल उपाध्याय, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आगामी लोक अदालत हेतु तैयार कराये गये पोस्टर, बैनर, हैण्डबिल इत्यादि के माध्यम से जन जन तक लोक अदालत की सूचना पहुंचाने के लिए सहयोग दिये जाने की अपील की गई। इसके अतिरिक्त अधिकार मित्र (पी0एल0वी0), बैंक मित्र, आशा बहू, आंगनबाड़ी कार्यकर्ती, लॉ कालेज के छात्र छात्राओं द्वारा भी प्रचार प्रसार कराने के लिए निर्देश जारी किये गये।
बैठक में यह विश्वास जताया गया कि सभी विभागों के सहयोग से दिनांक 09 मई, 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत ऐतिहासिक सफलता प्राप्त करेगी और अधिक से अधिक वादों का आपसी सहमति से निस्तारण कर वादकारियों को राहत प्रदान करेगी।
इसके साथ ही दिनांक-02.05.2026 को प्रातः 10 बजे मा0 जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बाराबंकी की अध्यक्षता में पुलिस विभाग के द्वारा जागरूकता रैली का आयोजन न्यायालय गेट सं0-1 से किया गया। इस जागरूकता रैली के द्वारा शहर के विभिन्न मुख्य स्थानों पर जाकर राष्ट्रीय लोक अदालत का प्रचार-प्रसार किया गया।









