चाईबासा: दीपावली का त्योहार प्रेम, सद्भावना और खुशियां बांटने का संदेश देता है। इसी मानवीय भावना की मिसाल पेश करते हुए पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार ने आशा किरण मुख बधिर विद्यालय में आवासित बच्चों के साथ दीपावली का पर्व मनाया। इस दौरान उन्होंने बच्चों के बीच पहुंचकर उनके साथ समय बिताया और उन्हें त्योहार की खुशियों में शामिल किया।
दीपावली के इस खास अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार ने विद्यालय के बच्चों को मिठाई, चॉकलेट और फुलझड़ियां वितरित कीं। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। उपायुक्त ने बच्चों से आत्मीय बातचीत कर उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि त्योहारों की असली खुशी तभी है, जब हम अपनी खुशियों को समाज के हर वर्ग के साथ साझा करें। विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को प्रेम, सम्मान और प्रोत्साहन देना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे के अंदर अपनी अलग प्रतिभा और असीम संभावनाएं होती हैं। जरूरत है उन्हें उचित अवसर, सकारात्मक वातावरण और स्नेह प्रदान करने की।
उपायुक्त ने कहा कि इन बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान ही दीपावली की सबसे खूबसूरत रोशनी है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन और बच्चों की देखभाल में जुटे कर्मियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उनके सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर सहयोग एवं संवेदनशीलता जरूरी है।
कार्यक्रम के दौरान जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी श्रीमती पुनीता तिवारी, विद्यालय की संचालिका, वार्डन समेत अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।
इस पहल के माध्यम से उपायुक्त ने समाज को यह संदेश दिया कि त्योहारों की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब खुशियों की रोशनी हर चेहरे तक पहुंचे और कोई भी बच्चा अपनत्व से वंचित न रहे।
















