पश्चिमी सिंहभूम जिले में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। जिला परिवहन पदाधिकारी गौतम कुमार के निर्देश पर शुक्रवार को चाईबासा बस स्टैंड में यात्री बसों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान मोटर यान निरीक्षक कृष्णा सोरेन एवं नेलसन तिर्की ने विभिन्न यात्री बसों का बारीकी से निरीक्षण किया।
जांच अभियान के दौरान अधिकारियों ने बसों में उपलब्ध सुरक्षा सुविधाओं और निर्धारित मानकों के अनुपालन की स्थिति का जायजा लिया। मोटर यान निरीक्षकों ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा बसों के बॉडी निर्माण, पंजीयन और फिटनेस जांच के लिए निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य किया गया है।
निरीक्षण के दौरान बसों में AIS मानकों के अनुरूप बॉडी निर्माण, आपातकालीन द्वार एवं खिड़कियों की उपलब्धता, आपातकालीन निकास मार्ग में किसी प्रकार की बाधा, अग्नि पहचान एवं अग्निशमन प्रणाली, रूफ हैच, आपातकालीन निकास और सुरक्षित सीट व्यवस्था की जांच की गई। इसके अलावा निर्धारित यात्री क्षमता, विद्युत वायरिंग, तकनीकी सुरक्षा उपकरणों, बसों की फिटनेस तथा आवश्यक प्रमाणपत्रों की वैधता भी परखी गई।
इस दौरान परिवहन विभाग की ओर से सभी बस मालिकों एवं संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि वे अपनी बसों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित करें। यात्रियों की जान-माल की सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विभाग ने चेतावनी दी कि जांच के दौरान सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन मालिकों एवं बस संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
परिवहन विभाग के इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यात्री बसों को सुरक्षित बनाना और संभावित सड़क दुर्घटनाओं एवं आपातकालीन परिस्थितियों में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
















