सीएम हेल्पलाइन और भू-अर्जन में लापरवाही पर भड़कीं सागर कलेक्टर! अफसरों को जारी किए नोटिस

सीएम हेल्पलाइन, स्वामित्व योजना और भू-अर्जन में लापरवाही पर सागर कलेक्टर की सख्ती

सेवा संकल्प अभियान की गतिविधियों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश, गणेश विसर्जन पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के आदेश

सागर। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने समय-सीमा बैठक में सेवा संकल्प अभियान के तहत संचालित विभिन्न गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को अभियान से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने और मैदानी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में सेवा संकल्प अभियान के तहत वड़नगर से वाराणसी यात्रा की तैयारियां समय-पूर्व पूरी करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने यात्रा की व्यवस्थाओं के लिए जनपद सीईओ की ड्यूटी लगाने और संबंधित एसडीएम को इसकी मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ जगदीश कुमार गोमे, अपर कलेक्टर अविनाश रावत, नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री, समस्त एसडीएम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों पर जवाबदेही तय होगी

कलेक्टर प्रतिभा पाल ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन और सेवा संकल्प अभियान से जुड़े कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने 100 दिनों से अधिक समय से लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि शिकायतों का समय पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए और अनावश्यक रूप से शिकायतों को लंबित न रखा जाए।

स्वामित्व योजना में ई-केवाईसी की प्रगति बढ़ाने के निर्देश

कलेक्टर ने स्वामित्व योजना के तहत ई-केवाईसी की अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने सभी एसडीएम को योजना के अंतर्गत संबंधित कार्यों में तेजी लाने तथा नामांतरण और रजिस्ट्री से जुड़े मामलों में प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि जिले में कहीं भी फसल क्षति की जानकारी मिलने पर संबंधित एसडीएम तत्काल सर्वे कराकर उसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करें।

रक्तदान शिविरों में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी पर जोर

कलेक्टर ने सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित होने वाले रक्तदान शिविरों में अधिक से अधिक रक्तदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से रक्तदान के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए आवश्यक प्रयास करने को कहा।

बैठक में सीएम हेल्पलाइन, स्वामित्व योजना, आयुष्मान भारत, आभा आईडी, अपार आईडी और भू-अर्जन सहित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों की भी समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

गणेश विसर्जन पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

कलेक्टर प्रतिभा पाल ने आगामी गणेश विसर्जन को लेकर सभी एसडीएम को आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए।

उन्होंने विसर्जन स्थलों पर क्रेन, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, आवश्यक उपकरण, पर्याप्त प्रशासनिक अमला, गोताखोर और सुरक्षा बल तैनात करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही उन्होंने विसर्जन स्थलों पर आपातकालीन मेडिकल टीम और आपदा प्रबंधन टीम की तैनाती सुनिश्चित करने तथा पुलिस के साथ समन्वय बनाकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने अधिकारियों से सभी तैयारियां समय रहते पूरी करने और विसर्जन के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा।

मध्यप्रदेश के सागर से ब्यूरो चीफ मनोज प्रजापति की खास रिपोर्ट जी भारत न्यूज़

Leave a Comment