बाराबंकी में 17 सितंबर को रक्तदान शिविर और दीप प्रज्वलन कार्यक्रम

रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान

‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम, जनभागीदारी से जुड़ेंगे लाभार्थी और आमजन

बाराबंकी, 16 सितंबर। जनपद में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गुरुवार, 17 सितंबर को ‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अंतर्गत सेवा, जनभागीदारी और जनकल्याण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित होंगी।

जिला चिकित्सालय में होगा रक्तदान शिविर

कार्यक्रम के तहत प्रातः 10 बजे जिला चिकित्सालय, बाराबंकी में रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विभिन्न सामाजिक संगठनों और आमजन की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

इसके साथ ही दिव्यांगजन कल्याण से संबंधित गतिविधियों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

शाम 7 बजे घर-घर जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’

अभियान के तहत केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित परिवारों द्वारा शाम 7 बजे अपने-अपने घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित किया जाएगा।

इसके अलावा जनपद के प्रमुख चौराहों, विकास की प्रमुख परियोजनाओं एवं स्थलों, सार्वजनिक स्थलों तथा अन्य प्रमुख स्थानों पर भी दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके माध्यम से विभिन्न विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

तैयारियों को लेकर विभागों को दिए गए निर्देश

जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं। कार्यक्रम स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के साथ ही अधिक से अधिक लाभार्थियों और आमजन की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

जनभागीदारी बढ़ाना अभियान का प्रमुख उद्देश्य

‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित गतिविधियों का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से लोगों को सेवा, विकास और जनकल्याण से जुड़ी गतिविधियों से जोड़ना है। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों के अनुभवों और उपलब्धियों को व्यापक स्तर पर सामने लाने पर भी जोर दिया जा रहा है।

Leave a Comment