एटा में दर्दनाक हादसा: मकान का छज्जा गिरने से पांच बच्चियां घायल, मेडिकल कॉलेज में भर्ती

कैमरामैन अफ़रोज़ अंसारी के साथ उत्तर प्रदेश रिपोर्टर मोहम्मद उमर कुरैशी की विशेष रिपोर्ट।
जी भारत न्यूज़।

एटा, उत्तर प्रदेश। जनपद एटा के थाना मिरहची क्षेत्र के नगला भगत गांव में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक मकान का छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे की चपेट में आने से वहां मौजूद पांच बच्चियां मलबे के नीचे दब गईं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर सभी बच्चियों को बाहर निकाला। हादसे में पांचों बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गईं।
ग्रामीणों की मदद से सभी घायल बच्चियों को तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना मिरहची पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेते हुए मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों की जानकारी जुटाने में लगी है।
हादसे के बाद गांव में चिंता और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जर्जर मकानों और निर्माण की स्थिति की जांच कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना को रोका जा सके।

Leave a Comment