रिपोर्ट सुरेंद्र सिंह चौहान, जी भारत न्यूज़।

ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में रविवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित लोकसभागार में जीरो पॉवर्टी अभियान के अंतर्गत चिन्हित परिवारों के गुणात्मक सुधार हेतु संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा पात्र परिवारों को उपलब्ध कराई जा रही योजनाओं एवं सुविधाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जीरो पॉवर्टी अभियान का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता प्रदान करना नहीं, बल्कि चिन्हित परिवारों को शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, रोजगार, आवास और सामाजिक सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं से जोड़ते हुए उनके जीवन स्तर में स्थायी सुधार लाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक पात्र परिवार को शासन की योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जाए।

समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, आयुष्मान भारत योजना, वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, किसान सम्मान निधि, मनरेगा तथा विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं की विभागवार प्रगति पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं से वंचित पात्र परिवारों की पहचान कर उन्हें तत्काल लाभान्वित किया जाए और अभियान की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि ग्राम स्तर पर सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए चिन्हित परिवारों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करें, ताकि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक जरूरतमंद परिवार तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन, जिला विकास अधिकारी भूषण कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।















