पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा)। पश्चिमी सिंहभूम जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी का एक मोबाइल फोन और एक ब्लूटूथ स्पीकर बरामद किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के शक्ति नगर निवासी 51 वर्षीय साकिन गोप के घर में चोरी की घटना हुई थी। इस मामले में मोबाइल फोन और ब्लूटूथ स्पीकर चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कांड संख्या 30/2026, दिनांक 28 अक्टूबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और अन्य उपलब्ध सूचनाओं के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इसी दौरान पुलिस को आरोपी के संबंध में जानकारी मिली, जिसके बाद छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान करण गोप (19 वर्ष), पिता स्वर्गीय साकिन गोप, निवासी शक्ति नगर, थाना जगन्नाथपुर, जिला पश्चिमी सिंहभूम के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास से चोरी का एक मोबाइल फोन और एक ब्लूटूथ स्पीकर बरामद किया गया है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पूर्व में भी चोरी के एक मामले में जेल जा चुका है। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
छापेमारी टीम में ये पुलिसकर्मी थे शामिल
इस कार्रवाई में जगन्नाथपुर थाना प्रभारी विनीत कुमार किड़ो, पुलिस अवर निरीक्षक नितीश कुमार, सहायक अवर निरीक्षक विनोद बेक तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस की इस कार्रवाई से चोरी की घटना के खुलासे में सफलता मिली है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल स्थानीय थाना को सूचित करें।
जगन्नाथपुर से संवाददाता : रोहित मिश्रा की रिपोर्ट।
दिनांक: 29 अक्टूबर 2026
















