रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान।
बाराबंकी: तहसील नवाबगंज के विकासखंड बंकी की ग्राम पंचायत सुरसंडा में उचित दर की दुकान संचालित करने वाली विक्रेता श्रीमती सुरैया बानो के वितरण कार्य को लेकर मिली शिकायत की जांच की गई। पूर्ति निरीक्षक बंकी-नवाबगंज इमरान मन्ज़ूर द्वारा की गई जांच में दुकान के स्टॉक में बड़ी कमी सामने आने का दावा किया गया है।
कार्डधारकों ने वितरण और व्यवहार को लेकर जताया असंतोष
विभागीय जांच के दौरान कई कार्डधारकों के बयान दर्ज किए गए। विभाग के अनुसार, कार्डधारकों ने उचित दर विक्रेता सुरैया बानो के वितरण कार्य, दुकान संचालन और व्यवहार को लेकर प्रतिकूल बयान दिए और असंतोष व्यक्त किया।
स्टॉक जांच में गेहूं-चावल और चीनी की कमी
जांच के दौरान पूर्ति निरीक्षक ने संबंधित उचित दर की दुकान के स्टॉक का भी सत्यापन किया। विभागीय रिपोर्ट के मुताबिक, स्टॉक में पात्र गृहस्थी और अंत्योदय योजना के तहत करीब 30 कुंतल गेहूं, 44 कुंतल चावल और 63 किलोग्राम चीनी कम पाई गई।
विभाग ने इस कमी को गंभीरता से लेते हुए प्रथम दृष्टया राशन सामग्री के कालाबाजारी/दुरुपयोग का मामला माना है।
आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की तैयारी
विभागीय रिपोर्ट में कहा गया है कि उचित दर विक्रेता का उक्त कृत्य आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के अंतर्गत दंडनीय है।
मामले में जिलाधिकारी की अनुमति प्राप्त करने के बाद थाना मसौली में प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई विभागीय जांच और पुलिस की कार्रवाई के बाद स्पष्ट होगी।
















