अकबरपुर, कानपुर देहात। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर आज अकबरपुर नगर में भगवान भोलेनाथ की भव्य शिव बारात निकाली गई। बारात में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। डीजे और भक्ति गीतों की धुन पर श्रद्धालु झूमते नजर आए, वहीं पूरे मार्ग में ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारे गूंजते रहे।
शिव बारात में आकर्षक झांकियों के साथ सजे वाहन और भगवान शिव की भव्य झांकी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। बड़ी संख्या में युवा और श्रद्धालु भगवा ध्वज लेकर बारात में शामिल हुए। जगह-जगह लोगों ने शिव बारात का स्वागत किया और भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
बारात के दौरान नगर का माहौल पूरी तरह शिवमय और भक्तिमय नजर आया। श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी स्थानीय स्तर पर पुलिस की मौजूदगी रही, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
शिव बारात ने नगर के प्रमुख मार्गों से होकर अपनी यात्रा पूरी की। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के प्रति अपनी आस्था और भक्ति का प्रदर्शन किया।
जी न्यूज भारत संवाददाता, रोमेश कुमार















