अब मऊ के किसान बनेंगे लखपति! मखाना की खेती पर सरकार दे रही बंपर सब्सिडी, जानें कैसे मिलेगा लाभ

रिपोर्ट, सुरेश चंद्रा।

मऊ में मखाना की खेती को बढ़ावा देने पर जोर, किसानों को योजनाओं और अनुदान की दी गई जानकारी

मऊ। नगर पालिका कम्युनिटी हॉल में उद्यान विभाग की ओर से मखाना विकास योजना 2026-27 के तहत कृषक मेला, गोष्ठी एवं भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों को मखाना की खेती की वैज्ञानिक तकनीक, उत्पादन से होने वाले आर्थिक लाभ तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं और अनुदान की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ मनोज राय ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों की ओर से आकर्षक स्टॉल लगाए गए, जहां किसानों को विभागीय योजनाओं, सुविधाओं और अनुदान के बारे में विस्तार से जानकारी उपलब्ध कराई गई।

जिला उद्यान अधिकारी ने किया अतिथियों का स्वागत

कार्यक्रम के प्रारंभ में जिला उद्यान अधिकारी राम सिंह ने मुख्य अतिथि मनोज राय एवं उपस्थित अधिकारियों का बुके भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया।

गोष्ठी को संबोधित करते हुए मनोज राय ने केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से किसानों के हित में संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर अपनी आय बढ़ाएं और खेती को अधिक लाभकारी व्यवसाय बनाने की दिशा में आगे बढ़ें।

उन्होंने किसानों को आधुनिक एवं नवोन्मेषी कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए भी प्रेरित किया।

मखाना की खेती की वैज्ञानिक तकनीक समझाई

कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. विनय कुमार सिंह ने किसानों को मखाना की खेती की वैज्ञानिक विधि, उत्पादन तकनीक और इससे होने वाले आर्थिक लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि बिहार मखाना उत्पादन के क्षेत्र में देश-दुनिया में अग्रणी है। ऐसे में उत्तर प्रदेश में भी मखाना उत्पादन की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने जनपद के किसानों से मखाना की खेती को अपनाकर कृषि के क्षेत्र में नए आयाम विकसित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान किसानों ने भी मखाना की खेती अपनाने और इसके उत्पादन की दिशा में आगे बढ़ने में रुचि दिखाई।

मत्स्य और कृषि विभाग की योजनाओं की भी दी जानकारी

मत्स्य विभाग के अधिकारी ने विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों और उपलब्ध अनुदान के बारे में किसानों को विस्तारपूर्वक जानकारी दी। वहीं उप कृषि निदेशक ने कृषि विभाग की योजनाओं, कार्यक्रमों तथा किसानों को मिलने वाले अनुदान की जानकारी साझा की।

उपनिदेशक उद्यान, आजमगढ़ मंडल, आजमगढ़ जयकरण सिंह ने किसानों से उद्यान विभाग की योजनाओं का लाभ लेने के लिए जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय से संपर्क करने का अनुरोध किया।

उन्होंने किसानों को अपना और जिला उद्यान अधिकारी मऊ का मोबाइल नंबर उपलब्ध कराते हुए कहा कि किसान हित में हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। साथ ही उन्होंने किसानों से औद्यानिकी फसलों की ओर अपना रुझान बढ़ाकर आय में वृद्धि करने का आह्वान किया।

पात्र किसानों से योजनाओं का लाभ लेने की अपील

कार्यक्रम के अंत में जिला उद्यान अधिकारी राम सिंह ने मखाना विकास योजना के साथ-साथ उद्यान विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने पात्र किसानों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र की वैज्ञानिक डॉ. आकांक्षा सिंह, जिला कृषि अधिकारी सोम प्रकाश गुप्ता, सिंचाई संबंधी एग्रोनॉमिस्ट रमेश यादव, प्रगतिशील कृषक देव प्रकाश राय, जयप्रकाश सिंह, आशीष राय, अंजनी कुमार सिंह और राकेश सिंह, उद्यान निरीक्षक जसपाल सिंह, मिथिलेश सिंह, अरुण कुमार यादव, बलजीत यादव एवं अमरनाथ यादव सहित बड़ी संख्या में किसान तथा संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Comment