सरायकेला:सरायकेला-खरसावां जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर सोमवार को सरायकेला परिसदन सभागार में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता झारखंड सरकार के उद्योग सचिव अरवा राजकमल ने की। इस दौरान औद्योगिक क्षेत्रों में भारी वाहनों के अनियंत्रित ठहराव, पार्किंग व्यवस्था और मुख्य सड़कों पर यातायात सुचारु रखने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वांगीयारी, उद्योग विभाग की उप सचिव प्रीति रानी, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक रविशंकर प्रसाद, जिला परिवहन पदाधिकारी शंकराचार्य सामद, सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

मुख्य सड़कों पर ट्रकों के ठहराव पर सख्ती

बैठक में झारखंड उच्च न्यायालय के निर्देशों के आलोक में औद्योगिक क्षेत्रों की सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि कई औद्योगिक क्षेत्रों में भारी वाहनों के मुख्य सड़कों पर अनावश्यक रूप से खड़े रहने से यातायात प्रभावित होता है। इसे देखते हुए औद्योगिक प्रतिष्ठानों को अपने परिसर में पर्याप्त और व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

विशेष रूप से चिलियामा क्षेत्र में रूंगटा स्टील प्लांट के बाहर मुख्य सड़क पर ट्रकों के खड़े रहने से संबंधित जनहित याचिका के संदर्भ में भी चर्चा की गई। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया कि औद्योगिक प्रतिष्ठानों में आने वाले भारी वाहनों को मुख्य सड़क पर खड़ा न करना पड़े और उनके लिए परिसर में पर्याप्त पार्किंग उपलब्ध हो।

पार्किंग स्थल पर चालकों के लिए सुविधाएं जरूरी

उद्योग सचिव ने औद्योगिक प्रतिष्ठानों की पार्किंग व्यवस्था को केवल वाहन खड़ा करने तक सीमित नहीं रखने, बल्कि उसे व्यवस्थित और सुविधायुक्त बनाने पर भी जोर दिया। पार्किंग स्थलों पर वाहन चालकों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा वाहनों के सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

राजनगर स्थित रूंगटा माइंस की पार्किंग व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान पार्किंग स्थल की व्यवस्था, वाहनों के आवागमन और चालकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया गया। संबंधित अधिकारियों और प्रतिष्ठान के प्रतिनिधियों को आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

अनधिकृत पार्किंग पर होगी कार्रवाई

मुख्य सड़कों पर अनावश्यक या अनधिकृत रूप से खड़े वाहनों के कारण यातायात बाधित न हो, इसके लिए संबंधित विभागों को नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया गया। ऐसे वाहनों को व्यवस्थित कराने के साथ जरूरत पड़ने पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

उद्योग सचिव अरवा राजकमल ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षित और सुगम यातायात के लिए प्रशासन, पुलिस, परिवहन विभाग तथा औद्योगिक प्रतिष्ठानों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने औद्योगिक संस्थानों से अपने परिसर में भारी वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था विकसित करने और मुख्य सड़कों पर वाहनों के अनावश्यक ठहराव को नियंत्रित करने की दिशा में ठोस कदम उठाने को कहा।

CHC राजनगर में ट्रॉमा सेंटर के प्रस्ताव की समीक्षा

निरीक्षण के दौरान उद्योग सचिव ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), राजनगर का भी जायजा लिया। उन्होंने वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं और चिकित्सा व्यवस्था की जानकारी ली। इस दौरान डेडिकेटेड ट्रॉमा सेंटर के प्रस्ताव की भी समीक्षा की गई।

दुर्घटना में घायल लोगों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया गया। संबंधित अधिकारियों को प्रस्ताव के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा, भारी वाहनों की पार्किंग, यातायात निगरानी, वाहन चालकों की सुविधाओं और दुर्घटना के बाद त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने जैसे मुद्दों पर विशेष ध्यान दिया गया। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने की दिशा में कार्रवाई करने को कहा गया।

AnupSrivastav
Author: AnupSrivastav

State Prabhari, Jharkhand Zee Bharat News

Leave a Comment