बाराबंकी: सरयू नदी में उफान से हेतमापुर में तेज हुआ कटान, एडीएम ने लिया जायजा; युद्धस्तर पर बचाव कार्य के निर्देश

रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान।

सरयू नदी का जलस्तर बढ़ा, हेतमापुर में कटान तेज; एडीएम ने लिया जायजा

कटान रोधी कार्य युद्धस्तर पर कराने के निर्देश, प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने पर जोर

बाराबंकी, 27 सितंबर। जिले में हुई अतिवृष्टि के बाद सरयू नदी के जलस्तर में वृद्धि से रामनगर तहसील क्षेत्र के ग्राम हेतमापुर में कटान की स्थिति को लेकर प्रशासन सक्रिय हो गया है। शनिवार को अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व निरंकार सिंह ने हेतमापुर पहुंचकर सरयू नदी के बढ़े जलस्तर और कटान की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया।

एडीएम ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली और प्रभावित क्षेत्र की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बाढ़ खंड के अधिकारियों को तत्काल कटान रोधी कार्य शुरू कर युद्धस्तर पर सुरक्षात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

नदी के जलस्तर और कटान पर लगातार निगरानी

अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सरयू नदी के जलस्तर और कटान की स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन और श्रमशक्ति लगाकर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि जनसुरक्षा से जुड़ी किसी भी स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत देने के निर्देश

एडीएम ने उपजिलाधिकारी रामनगर आकांक्षा गुप्ता को प्रभावित परिवारों को तत्काल आवश्यक राहत एवं अनुमन्य सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही प्रभावित लोगों के लिए भोजन और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ पूरी तत्परता से काम करने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रभावित क्षेत्र में जनसुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कटान रोधी कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता न बरतने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सीओ जगतराम कनौजिया, अधिशासी अभियंता बाढ़ शशिकान्त सिंह, तहसीलदार रामनगर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment