रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान।
तेज हवाओं और बारिश से 210 विद्युत पोल भी क्षतिग्रस्त, गिरे सभी पेड़ हटाकर आवागमन कराया गया सुचारु
बाराबंकी, 27 सितंबर। जनपद में 25 और 26 सितंबर को तेज हवाओं एवं बारिश के कारण कई क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हुआ। जिला प्रशासन के अनुसार, प्रतिकूल मौसम के चलते जिले में 217 पेड़ गिरने, 55 मकान क्षतिग्रस्त होने, 5 पशुहानि और 3 जनहानि की सूचना दर्ज की गई है। वहीं, 8 लोग घायल हुए हैं। जनहानि की एक-एक घटना रामसनेहीघाट, रामनगर और फतेहपुर तहसील क्षेत्र में हुई है।
मौसम की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत, बचाव और बहाली का काम तत्काल शुरू कराया। प्रशासन के मुताबिक स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और प्रभावित परिवारों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है।
217 गिरे पेड़ हटाकर रास्ते किए गए साफ
तेज हवाओं के कारण ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में कई मार्गों पर पेड़ गिरने से आवागमन बाधित हुआ। प्रशासन एवं संबंधित विभागों की टीमों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गिरे सभी 217 पेड़ों को मार्गों से हटवा दिया, जिसके बाद प्रभावित रास्तों पर यातायात सुचारु कराया गया।
55 मकानों की क्षति का सर्वे पूरा
प्रतिकूल मौसम से क्षतिग्रस्त हुए 55 मकानों के साथ जनहानि और पशुहानि का सर्वे कार्य पूरा कर लिया गया है। जिला प्रशासन के अनुसार, पात्र प्रभावित परिवारों को नियमानुसार अहैतुक सहायता उपलब्ध कराने की कार्यवाही संबंधित तहसीलों द्वारा की जा रही है।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व निरंकार सिंह ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बहाली की कार्रवाई तत्काल कराई गई है। जनहानि, पशुहानि और मकान क्षति का सर्वे पूरा हो चुका है तथा पात्र लोगों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया चल रही है।
किसानों की फसल क्षति का होगा सर्वे
बारिश और प्रतिकूल मौसम से किसानों की फसलों को संभावित नुकसान के आकलन के लिए राजस्व एवं कृषि विभाग की टीमों को स्थलीय सर्वे के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को फसल क्षति का नियमानुसार परीक्षण और अभिलेखीकरण सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि पात्र किसानों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत अनुमन्य सहायता या लाभ समयबद्ध रूप से मिल सके।
210 विद्युत पोल क्षतिग्रस्त, बहाली का काम जारी
तेज हवाओं से जिले में 210 विद्युत पोल क्षतिग्रस्त हुए हैं। कई क्षेत्रों में विद्युत लाइनें भी प्रभावित हुई हैं। विद्युत विभाग की टीमें क्षतिग्रस्त पोल और लाइनों की मरम्मत में जुटी हैं। प्रशासन के अनुसार, विद्युत आपूर्ति बहाल करने के लिए कार्यवाही युद्धस्तर पर जारी है।
प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की
जिला प्रशासन ने लोगों से प्रतिकूल मौसम को देखते हुए सतर्कता बरतने की अपील की है। प्रशासन ने क्षतिग्रस्त विद्युत पोल और टूटे तारों से दूरी बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सूचना देने को कहा है।
जिला आपदा नियंत्रण कक्ष:
05248-226017
9454418880
















