जमशेदपुर: शहर की कानून-व्यवस्था, यातायात व्यवस्था और नागरिक सुरक्षा को लेकर सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (SCCI) के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम डॉ. एहतेशाम वकारिब से मुलाकात की। इस दौरान चैम्बर की ओर से शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा व्यापारियों एवं आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव सौंपे गए।
बैठक में पुलिस उपाधीक्षक (सीसीआर) मनोज कुमार ठाकुर एवं बिष्टुपुर थाना प्रभारी निरंजन कुमार भी मौजूद रहे। चैम्बर प्रतिनिधियों ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, नो-पार्किंग क्षेत्रों में भारी वाहनों के परिचालन पर नियंत्रण, चोरी एवं अन्य आपराधिक घटनाओं की रोकथाम, आपात स्थिति में त्वरित पुलिस सहायता और शहर में सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने जैसे मुद्दे उठाए।
व्यापारियों और बाजार क्षेत्रों की सुरक्षा पर जोर
चैम्बर ने व्यापारिक प्रतिष्ठानों, बाजारों और औद्योगिक क्षेत्रों में पुलिस गश्त एवं निगरानी बढ़ाने की आवश्यकता बताई। प्रतिनिधियों ने व्यापारियों से जुड़ी आपराधिक घटनाओं में त्वरित कार्रवाई, प्राथमिकी दर्ज करने में सुविधा तथा शिकायतों के समयबद्ध समाधान का सुझाव दिया।
चैम्बर ने कहा कि व्यापारिक क्षेत्रों में नियमित पुलिस गश्त और प्रभावी निगरानी से चोरी समेत अन्य आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण में मदद मिल सकती है।
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था
बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था को लेकर भी कई सुझाव दिए गए। नो-पार्किंग क्षेत्रों में भारी वाहनों के परिचालन पर नियंत्रण, यातायात नियमों का प्रभावी पालन तथा दुर्घटना संभावित स्थानों पर विशेष निगरानी की मांग की गई।
चैम्बर ने दुर्घटना होने की स्थिति में शुरुआती महत्वपूर्ण समय के दौरान त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया, ताकि घायलों को जल्द चिकित्सा सुविधा मिल सके।
सीसीटीवी और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल पर जोर
शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों के प्रभावी उपयोग को लेकर भी चर्चा हुई। चैम्बर ने बाजारों, प्रमुख सड़कों और संवेदनशील इलाकों में निगरानी व्यवस्था मजबूत करने तथा उपलब्ध तकनीकी संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करने का सुझाव दिया।
प्रतिनिधियों के अनुसार, सीसीटीवी निगरानी अपराध की रोकथाम के साथ-साथ आपराधिक घटनाओं की जांच में भी उपयोगी साबित हो सकती है।
साइबर अपराध और नशे की रोकथाम का मुद्दा उठा
बैठक में बढ़ते साइबर अपराध को लेकर भी चर्चा हुई। चैम्बर ने व्यापारियों एवं आम नागरिकों के बीच साइबर अपराध से बचाव को लेकर जागरूकता बढ़ाने तथा साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की आवश्यकता बताई।
इसके अलावा युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति को रोकने के लिए जागरूकता कार्यक्रमों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता बढ़ाने का सुझाव दिया गया।
पुलिस-व्यापारी संवाद को मजबूत करने पर सहमति
सिंहभूम चैम्बर ने पुलिस प्रशासन और व्यापारिक समुदाय के बीच नियमित संवाद की आवश्यकता पर जोर दिया। चैम्बर के अनुसार, व्यापारियों की समस्याओं को समय पर समझने और उनके समाधान के लिए पुलिस एवं व्यवसायी समुदाय के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।
आगामी पर्व-त्योहारों को लेकर विशेष सुरक्षा
वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब ने कहा कि शहर की कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए पुलिस प्रशासन विभिन्न संस्थाओं के साथ नियमित समीक्षा बैठक करेगा। उन्होंने कहा कि आगामी पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है।
उन्होंने बताया कि अपराध एवं दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती, नियमित मॉनिटरिंग और गश्ती बढ़ाई जाएगी। यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी ने चैम्बर द्वारा दिए गए सुझावों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन देते हुए दुकानदारों से अपील की कि वे दुकानों के बाहर सामान रखकर सड़क एवं फुटपाथ को संकरा न करें। साकची बाजार में फुटपाथी दुकानदारों के अतिक्रमण से उत्पन्न परेशानी के समाधान के लिए भी आवश्यक कदम उठाने की बात कही।
बैठक के अंत में चैम्बर सदस्यों एवं व्यवसायियों ने शहर की विभिन्न समस्याओं से संबंधित सवाल और सुझाव रखे, जिनका एसएसपी ने जवाब दिया। चैम्बर ने कहा कि शहर की कानून-व्यवस्था, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस प्रशासन के साथ सहयोग और संवाद की प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी।
बैठक में अध्यक्ष मानव केडिया, मानद महासचिव पुनीत कांवटिया, उपाध्यक्ष अनिल मोदी, राजीव अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल गोल्डी, हर्ष बाकरेवाल, सचिव भरत मकानी, अंशुल रिंगसिया, बिनोद शर्मा, कोषाध्यक्ष सीए अनिल रिंगसिया, पूर्व अध्यक्ष विजय आनंद मूनका, विपिन अडेसरा, मनोज गोयल, चन्द्रकांत जटाकिया, मुकेश शर्मा, सतीश सिंह, संजय मिश्रा, अरूण अग्रवाल, प्रतीक अग्रवाल, पवन शर्मा समेत बड़ी संख्या में व्यवसायी, उद्यमी एवं चैम्बर सदस्य उपस्थित थे।
रिपोर्टर: ब्रिजराज सिंह















