सागर: किन्नर समाज के लिए विशेष विधिक साक्षरता शिविर आयोजित, कानूनी अधिकारों व योजनाओं की दी गई जानकारी

सागर, 23 सितंबर 2026। मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार किन्नर समाज के उत्थान, उनकी समस्याओं के निराकरण और विधिक अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एडीआर सेंटर भवन, सागर में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री एम.के. शर्मा ने की।

किन्नर समाज से जुड़ी योजनाओं और कानूनों की दी जानकारी

शिविर के दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री एम.के. शर्मा ने उपस्थित किन्नर समाज के सदस्यों को शासन की विभिन्न योजनाओं, उनके अधिकारों और विधिक विषयों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विधिक विषयों से जुड़ी किसी भी समस्या के लिए समाज के सदस्य बिना संकोच संबंधित विभाग से संपर्क कर सकते हैं।

उन्होंने आश्वासन दिया कि विधि के अनुरूप आवश्यक सहायता निःशुल्क उपलब्ध कराने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सदैव तत्पर रहेगा।

शासन स्तर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन

कार्यक्रम में संभागायुक्त श्री दिलीप सिंह ने कहा कि किन्नर समाज को होने वाली किसी भी प्रकार की समस्या के निराकरण के लिए शासन स्तर से हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।

वहीं जिला प्रशासन की ओर से सिटी मजिस्ट्रेट श्री शैलेन्द्र द्विवेदी तथा पुलिस प्रशासन की ओर से एडिशनल एसपी श्री नरेन्द्र सोलंकी ने भी अपने-अपने विभागों की ओर से पूर्ण सहयोग और समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया।

न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद

शिविर में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री एम.के. शर्मा, संभागायुक्त श्री दिलीप सिंह, प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय श्री अखिलेश मिश्र, विशेष न्यायाधीश श्री विवेक सिंह रघुवंशी सहित जिला स्थापना में पदस्थ अन्य न्यायाधीशगण मौजूद रहे।

इसके अलावा जिला प्रशासन से सिटी मजिस्ट्रेट श्री शैलेन्द्र द्विवेदी, पुलिस प्रशासन से एडिशनल एसपी श्री नरेन्द्र सोलंकी तथा विभिन्न विभागों के प्रशासनिक अधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

किन्नर समाज की ओर से किरण बुआ रहीं मौजूद

कार्यक्रम में किन्नर समाज की ओर से किरण बुआ अपने सहयोगियों एवं साथियों के साथ उपस्थित रहीं। शिविर के माध्यम से उन्हें शासन की योजनाओं और विधिक सहायता से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई गई।

अधिकारियों ने सुनी समस्याएं, सहयोग का दिया भरोसा

कार्यक्रम के दौरान किन्नर समाज से संबंधित समस्याओं पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने समस्याओं के नियमानुसार निराकरण और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। शिविर का उद्देश्य समाज के सदस्यों को उनके अधिकारों और उपलब्ध कानूनी सहायता के प्रति जागरूक करना रहा।

विधिक सेवा प्राधिकरण ने किया कार्यक्रम का समन्वय

कार्यक्रम का संचालन श्रीमती नेहा बंसल, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, सागर ने किया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी सम्माननीय अतिथियों एवं अधिकारियों का आभार श्री समरेश सिंह, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश, सागर ने व्यक्त किया।

विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से कार्यक्रम का संपूर्ण समन्वय श्री अंकित श्रीवास्तव, न्यायाधीश एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सागर द्वारा किया गया।

मध्यप्रदेश के सागर से ब्यूरो चीफ मनोज प्रजापति की खास रिपोर्ट, जी भारत न्यूज़।

Leave a Comment