रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान।
बाराबंकी में भारत टैक्सी और मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का शुभारंभ, 300 किसानों ने देखा सीधा प्रसारण
बाराबंकी, 23 सितंबर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा भारत टैक्सी एवं मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के शुभारंभ कार्यक्रम का बुधवार को बाराबंकी में सीधा प्रसारण किया गया। कार्यक्रम का आयोजन बी-पैक्स लिमिटेड दनियालपुर, विकासखंड बंकी में किया गया, जिसमें करीब 300 किसानों ने भाग लिया।
दनियालपुर में किसानों के बीच हुआ सीधा प्रसारण
मुख्यमंत्री द्वारा पोर्टल के शुभारंभ कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सुबह 9:30 बजे से किसानों के बीच किया गया। इस दौरान किसानों को दोनों योजनाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ सहकारिता विभाग और बैंक के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
लघु और सीमांत किसानों को छह प्रतिशत ब्याज पर मिलेगा ऋण
मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत उत्तर प्रदेश सरकार ने लघु एवं सीमांत किसानों को राहत देने की घोषणा की है। योजना के अनुसार सहकारी ग्राम विकास बैंक के कृषि ऋण पर ब्याज दर को 11.5 प्रतिशत से घटाकर छह प्रतिशत किया गया है।
शेष ब्याज की प्रतिपूर्ति उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा ब्याज अनुदान के रूप में किए जाने की जानकारी दी गई। योजना का उद्देश्य लघु एवं सीमांत किसानों को कृषि कार्यों के लिए ऋण उपलब्ध कराने में राहत देना है।
क्या है भारत टैक्सी योजना?
भारत टैक्सी को सहकारी और चालक-स्वामित्व वाले राइड-हेलिंग मंच के रूप में प्रस्तुत किया गया है। योजना के तहत चालक केवल कर्मचारी या गिग वर्कर के रूप में नहीं, बल्कि सहकारी व्यवस्था में सह-मालिक और शेयरधारक के रूप में जुड़ेंगे।
इसके माध्यम से उपभोक्ता कार, सेडान, एसयूवी, ऑटो और बाइक टैक्सी जैसी सेवाएं बुक कर सकेंगे। योजना में वास्तविक समय में वाहन की निगरानी और सुरक्षा अलर्ट जैसी सुविधाओं का भी प्रावधान बताया गया है।
मांग बढ़ने पर किराया अचानक बढ़ने की व्यवस्था नहीं
भारत टैक्सी योजना के संबंध में बताया गया कि इसमें मांग बढ़ने पर किराये में अचानक वृद्धि नहीं होगी। यानी सर्ज प्राइसिंग की व्यवस्था नहीं होने का दावा किया गया है। योजना को निजी राइड-हेलिंग कंपनियों के विकल्प के रूप में प्रस्तुत किया गया है।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी
बाराबंकी में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य अंगद कुमार सिंह रहे। विशिष्ट अतिथि पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष एवं भाजपा नेता अरविन्द कुमार मौर्य तथा अतिविशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह वर्मा उर्फ भूल्लन वर्मा रहे।
कार्यक्रम में बैंक के उपसभापति अरुण वैशवार, समिति के सभापति, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता निरंकार मौर्य, बैंक के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा सहकारिता विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
गुरू सरन सिंह लोधी ने कराया कार्यक्रम का आयोजन
कार्यक्रम का आयोजन डिस्ट्रिक्ट कोऑपरेटिव बैंक लिमिटेड, बाराबंकी के सभापति गुरू सरन सिंह लोधी द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान किसानों को दोनों योजनाओं के उद्देश्य, लाभ और कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई।
















