ऊर्जा, पीएचई, जल संसाधन और जल निगम की समीक्षा, कमिश्नर दिलीप कुमार ने दिए निर्देश
बिजली संबंधी समस्याओं का समय-सीमा में निराकरण करने और सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश
सागर। सागर संभाग के कमिश्नर श्री दिलीप कुमार ने अपने कार्यालय में ऊर्जा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, जल संसाधन और जल निगम विभाग के कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को बिजली, पेयजल और सिंचाई से जुड़े मामलों का समय पर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बिजली संबंधी समस्याओं का त्वरित निराकरण करें
कमिश्नर ने कहा कि बिजली से संबंधित शिकायतों का समय-सीमा में त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम लोगों को किसी तरह की असुविधा न हो। उन्होंने ट्रांसफॉर्मर की मरम्मत और खराब ट्रांसफॉर्मरों को समय पर बदलने के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
उन्होंने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पर्याप्त बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त विद्युत उपलब्ध कराने पर जोर दिया। जिन क्षेत्रों में लो वोल्टेज की समस्या है, वहां जल्द से जल्द समाधान करने के निर्देश दिए गए।
कमिश्नर ने बिजली विभाग को राजस्व वसूली का प्रतिशत बढ़ाने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
100 दिन से अधिक लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का हो निराकरण
कमिश्नर दिलीप कुमार ने कहा कि शुक्रवार को मुख्य सचिव द्वारा सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की समीक्षा की जाएगी। ऐसे में अधिकारियों को शिकायतों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं करनी चाहिए।
उन्होंने निर्देश दिए कि 100 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों का निराकरण गुरुवार तक हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। अधिकारियों को शिकायतों की नियमित समीक्षा करते हुए समय पर समाधान करने के निर्देश दिए गए।
नल-जल योजनाएं बिजली की समस्या के कारण बंद न रहें
कमिश्नर ने कहा कि संभाग में संचालित नल-जल योजनाएं बिजली संबंधी समस्याओं के कारण बंद नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने जल निगम के अधिकारियों को विभिन्न बांधों से पानी की आपूर्ति निरंतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने गांवों में पेयजल आपूर्ति लगातार जारी रखने को कहा। निर्माणाधीन परियोजनाओं से जलापूर्ति शुरू करने से पहले टेस्टिंग पूरी करने के निर्देश भी दिए गए।
जल विभाग आपसी समन्वय से करें काम
कमिश्नर ने कहा कि जल संसाधन, जल निगम और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग आपसी समन्वय के साथ पेयजल से जुड़ी समस्याओं का समाधान करें।
उन्होंने हैंडपंप संधारण संबंधी शिकायतों का तत्काल निराकरण करने और ग्राम स्तर पर हैंडपंप मैकेनिकों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि खराब हैंडपंपों की मरम्मत में अनावश्यक देरी न हो।
बांधों से सिंचाई के लिए पानी की नियमित आपूर्ति के निर्देश
जल संसाधन विभाग की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने बांधों से सिंचाई के लिए नियमित रूप से पानी उपलब्ध कराने के संबंध में बैठक कर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि इस बैठक में जनप्रतिनिधियों, सिंचाई संस्थाओं के पूर्व सदस्यों और राजस्व विभाग के अधिकारियों को भी शामिल किया जाए, ताकि सिंचाई व्यवस्था से जुड़े विषयों पर समन्वित रूप से निर्णय लिया जा सके।
इसके अलावा वन विभाग की एनओसी नहीं मिलने के कारण लंबित परियोजनाओं के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। कमिश्नर ने भू-अर्जन की कार्रवाई और अवार्ड पारित किए जाने से संबंधित जानकारी तैयार करने को कहा।
उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र में सिंचाई का रकबा बढ़ाने के लिए भी आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में संयुक्त आयुक्त (विकास) श्री पीसी शर्मा सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न जिलों के अधिकारी मौजूद रहे।
मध्यप्रदेश के सागर से ब्यूरो चीफ मनोज प्रजापति की खास रिपोर्ट जी भारत न्यूज़
















