रिपोर्ट,मोहम्मद उमर कुरैशी।
मेरठ। थाना कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र स्थित खालसा होटल में 29 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान शामली निवासी विपुल शर्मा के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, विपुल शर्मा 15 सितंबर को खालसा होटल में आकर ठहरे थे। बताया जा रहा है कि करीब तीन दिनों तक कमरे से बाहर नहीं निकलने पर होटल कर्मचारियों को संदेह हुआ। इसके बाद होटल स्टाफ ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खोलकर युवक का शव बरामद किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस मामले की जांच के तहत होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और कॉल डिटेल्स को खंगाल रही है। साथ ही युवक के होटल में ठहरने और घटना से पहले की गतिविधियों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
कैमरामैन अफ़रोज़ अंसारी के साथ उत्तर प्रदेश रिपोर्टर मोहम्मद उमर कुरैशी की विशेष रिपोर्ट, जी भारत न्यूज़।
















