रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान।
सेवा, सुशासन, जनकल्याण और जनभागीदारी से जुड़ी होंगी विभिन्न गतिविधियां; 17 सितंबर को ‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया’ से होगा शुभारंभ
बाराबंकी, 16 सितंबर 2026। जनपद में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ व्यापक स्तर पर संचालित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा की यात्रा को जनकल्याण, जनभागीदारी तथा ‘विकसित भारत-2047’ के सामूहिक संकल्प से जोड़ना है।
अभियान के तहत गांव से लेकर शहर तक सेवा, जनकल्याण, जागरूकता, सांस्कृतिक कार्यक्रम और जनभागीदारी से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
सरकारी योजनाओं से हुए बदलाव की जानकारी आमजन तक पहुंचेगी
अभियान के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न विकास कार्यों से लोगों के जीवन में आए बदलावों को आमजन तक पहुंचाया जाएगा। युवा, महिलाएं, किसान, वंचित वर्ग और पात्र लाभार्थियों को विभिन्न गतिविधियों से जोड़कर ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प के प्रति जागरूक किया जाएगा।
अभियान के प्रभावी संचालन के लिए शासन स्तर से निर्धारित कार्यक्रमों के अनुसार जनपद में अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में अभियान की तैयारियों और क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा की जाएगी।
17 सितंबर को ‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया’ से शुरुआत
अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर को ‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगा। ग्राम पंचायतों और नगरीय वार्डों में रक्तदान शिविर तथा दिव्यांगजन कल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसके अलावा केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से लाभान्वित परिवारों द्वारा शाम 7 बजे अपने घरों में दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। प्रमुख अवस्थापना परियोजनाओं, नदी घाटों, मंदिरों, पार्कों, विद्यालयों, महाविद्यालयों और चिकित्सालयों में भी विशेष दीप प्रज्वलन कार्यक्रम होंगे।
‘मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा’ में विद्यार्थी होंगे शामिल
17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक शासकीय और निजी विद्यालयों में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। कक्षा 5 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए ड्राइंग प्रतियोगिता, जबकि कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
उच्च शिक्षण संस्थानों में भाषण और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं के साथ युवाओं से संवाद कार्यक्रम होंगे। श्रेष्ठ प्रविष्टियों का विद्यालय, विकासखंड और जिला स्तर पर प्रदर्शन किया जाएगा।
‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ से गांव-गांव पहुंचेगी बदलाव की कहानी
अभियान के तहत नुक्कड़ नाटकों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों से हुए बदलाव की कहानियां आमजन तक पहुंचाई जाएंगी।
ग्राम पंचायतों, सामुदायिक केंद्रों, विद्यालयों और अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
‘आंगन मिलन सेवा’ में माताओं और बच्चों की होगी सहभागिता
25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनबाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय उत्सव एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं, आशा कार्यकर्ताओं और उत्कृष्ट लाभार्थी माताओं का सम्मान किया जाएगा।
साथ ही पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता कार्यक्रम, महिला एवं बाल विकास योजनाओं की जानकारी तथा बच्चों से जुड़ी गतिविधियां आयोजित होंगी। इस दौरान ‘हेल्दी बेबी’ प्रतियोगिता भी कराई जाएगी।
डिजिटल माध्यमों पर साझा होंगी सफलता की कहानियां
‘सेवा की कहानी-डिजिटल व रील अभियान’ के माध्यम से सरकारी योजनाओं और जनोपयोगी परियोजनाओं से लाभान्वित परिवारों एवं नागरिकों की वास्तविक सफलता की कहानियां डिजिटल माध्यमों पर साझा की जाएंगी।
लाभार्थियों को स्वयं अपनी कहानी साझा करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि योजनाओं से हुए सकारात्मक बदलाव और जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।
प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में हुई तैयारियों की समीक्षा
सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर प्रभारी मंत्री/राज्यमंत्री कारागार सुरेश राही की अध्यक्षता में निरीक्षण भवन में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत प्रशासक राजरानी रावत, एमएलसी अंगद सिंह, जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी पंकज वर्मा और जिलाध्यक्ष भाजपा राम सिंह वर्मा सहित संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में अभियान के सफल संचालन, विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा और अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अभियान के दौरान निर्धारित गतिविधियों को संबंधित विभागों द्वारा आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। प्रशासन की ओर से कार्यक्रमों में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।
















