बाराबंकी पहुंचे MY Bharat के स्टेट डायरेक्टर! युवाओं को दिया 2047 के विकसित भारत का मंत्र, Young Leaders Dialogue की जानकारी

रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान।

बाराबंकी। जनपद बाराबंकी में मेरा युवा भारत, उत्तर प्रदेश के स्टेट डायरेक्टर श्री गोपेश पाण्डेय का आगमन हुआ। इस दौरान उन्होंने मुंशी रघुनंदन प्रसाद पटेल महिला महाविद्यालय, बाराबंकी में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए मेरा युवा भारत के उद्देश्यों एवं गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान स्टेट डायरेक्टर गोपेश पाण्डेय ने वर्तमान में संचालित ‘विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग’ कार्यक्रम के संबंध में युवाओं को विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कार्यक्रम में प्रतिभाग करने की प्रक्रिया को चरणबद्ध तरीके से समझाते हुए अधिक से अधिक युवाओं से इसमें भाग लेने की अपील की।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्रों की श्रेणी में अग्रणी स्थान दिलाने के लक्ष्य में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने बाराबंकी के युवाओं से मेरा युवा भारत से जुड़कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के उपरांत स्टेट डायरेक्टर ने प्रेस वार्ता के माध्यम से भी युवाओं से विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने की अपील की। उन्होंने युवाओं को इस पहल से जुड़कर अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता को देश के विकास में लगाने के लिए प्रेरित किया।

यह कार्यक्रम महाविद्यालय स्तर पर राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती सारिका के निर्देशन में आयोजित किया गया।

मेरा युवा भारत कार्यालय का किया निरीक्षण

बाराबंकी प्रवास के दौरान स्टेट डायरेक्टर श्री गोपेश पाण्डेय ने मेरा युवा भारत बाराबंकी के कार्यालय का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों से उनके कार्यों एवं गतिविधियों की जानकारी ली तथा युवाओं के साथ सामूहिक चर्चा कर संगठन की गतिविधियों को और प्रभावी बनाने पर विचार-विमर्श किया।

युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर

इस अवसर पर बाराबंकी के जिला युवा अधिकारी श्री पुनीत गोयल ने भी प्रेस वार्ता के माध्यम से युवाओं को विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने जनपद के युवाओं से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में प्रतिभाग करने की अपील की।

जिला युवा अधिकारी ने समस्त राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि वे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में युवाओं के बीच पहुंचकर कार्यक्रम के बारे में जानकारी साझा करें और अधिक से अधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करें।

प्रेस वार्ता एवं कार्यक्रम के दौरान वॉलिंटियर जितेन्द्र कुमार वर्मा, रामरूप वर्मा, गिरजा शंकर, सोनू आयुष भट्ट, शीतांशी, अंजली, चारु सहित अन्य स्वयंसेवक एवं वॉलिंटियर मौजूद रहे।

Leave a Comment